मुंबई (सं. भा.) इमारतों और व्यावसायिक परिसर के जलकर बकायादारों को मनपा ने बड़ी राहत दी है पानी के बिल में लगने वाले दंड और ब्याज में छुट देने के लिए शुरू की गई अभय योजना की मियाद ३० सितंबर तक बढ़ा दी है. पिछले साल मुंबई में कोरोना की पहली लहर आई थी. उसके बाद फरवरी 2021 में दूसरी लहर ने मुंबईकरों को आर्थिक रूप से प्रभावित किया है. स्थायी समिति अध्यक्ष यशवंत जाधव ने शुक्रवार को कहा कि बीएमसी के लंबित पानी के बिलों पर विशेष छूट प्रदान करने वाली अभय योजना को अच्छी प्रतिक्रिया के मद्देनजर अब योजना को 30 सितंबर, 2021 तक बढ़ा दिया गया है. साथ ही सभी लंबित पानी के बिलों के भुगतान की शर्त में भी ढील दी गई है. जाधव ने कहा कि हमने अभय योजना बढ़ाने के लिए बीएमसी प्रशासन को निर्देश दिए हैं. यशवंत जाधव ने मुंबईवासियों से अपील की है कि वे योजना का लाभ उठाकर बकाया पानी के बिलों का भुगतान करें. शुक्रवार को हुई स्थायी समिति की ऑनलाइन बैठक में बीएमसी के नेता प्रतिपक्ष रवि राजा के सुझाव के बाद अध्यक्ष, स्थायी समिति ने प्रशासन को अभय योजना की अवधि बढ़ाने का निर्देश दिया.


