spot_img
HomeमुंबईCCTV की मदद से पकड़ाए लुटेरे

CCTV की मदद से पकड़ाए लुटेरे

मुंबई (सं. भा.) पिछले सप्ताह गोवंडी में दो लुटेरों ने एक बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र छीन लिया था और वारदात स्थल से भाग गए थे। क्राइम ब्रांच के डीसीपी अकबर पठान ने बताया कि हमारी टीम ने कई दिन की मेहनत के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके नाम अकबर रज्जा अन्वर इद्रीसी उर्फ जॉन्टी और अब्दुल अजीम खान हैं ।
24 जनवरी को बुजुर्ग दंपति जब घूम रहे थे, तब महिला का मंगलसूत्र छीना गया था। उसके बाद बुजुर्ग पुरुष ने आरोपियों के पीछे दौड़ लगा दी और एक को पकड़ भी लिया। अपने साथी को बचाने के लिए जब दूसरे आरोपी ने चापर निकाला और बुजुर्ग पर हमला किया, तो बुजुर्ग ने वह चापर ही आरोपी से छीन लिया। इस पर आरोपी जब स्कूटी से भागने लगे, तो बुजुर्ग ने उन पर वही चापर फेंका। वह उनकी स्कूटी के आगे गिरा। आरोपियों ने वह चापर उठाया और फिर कुछ दूर स्कूटी छोड़कर पैदल चलने लगे।
क्राइम ब्रांच के सीनियर इंस्पेक्टर सुहास चौधरी, इंस्पेक्टर शिंदे और अनिल गायकवाड ने कई सौ सीसीटीवी फुटेज से पूरे केस का इनवेस्टिगेशन किया। जांच टीम ने पाया कि आरोपी गोवंडी रेलवे स्टेशन में पश्चिम दिशा की ओर गए हैं और फिर नीचे उतरकर एक ऑटो में बैठे हैं। क्राइम ब्रांच को सीसीटीवी फुटेज में ऑटो का नंबर मिल गया। इसके बाद ऑटावाले को ट्रैक किया। उसने बताया कि उसने दोनों आरोपियों को कहां तक छोड़ा था।
वहां जब आसपास के लोगों को दोनों आरोपियों के फुटेज दिखाए गए, तो आरोपियों के नाम और उनके मोबाइल नंबर जांच टीम को पता चल गया। नंबरों का लोकेशन निकाला गया और दोनों को मंगलवार को मानखुर्द से गिरफ्तार किया गया। उनसे पूछताछ में पता चला कि मुंबई, नवी मुंबई और महाराष्ट्र के कई और जिलों में दोनों के खिलाफ संगीन अपराध के दर्जनों मामले दर्ज हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com