- संतों की असहमति ने छेड़ी नयी बहस
नई दिल्ली (सं.भां)। हम मोहन भागवत के बयान से सहमत नहीं हैं। आरएसएस हमारा शासक नहीं है और हम उनकी हर बात मानने के लिए बाध्य नहीं हैं।” यह तीखा बयान जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने दिया, जो आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के मंदिर-मस्जिद विवाद पर दिए गए बयान के विरोध में सामने आया।रामभद्राचार्य ने साफ किया कि मंदिर के मुद्दे पर उनका संघर्ष जारी रहेगा और इसे न्यायालय, जनता या वोट के माध्यम से प्राप्त किया जाएगा। उन्होंने मोहन भागवत की नसीहत का विरोध करते हुए कहा कि राम मंदिर के निर्माण के बाद भी नए विवादों से बचने की सलाह स्वीकार्य नहीं है।
ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने भी भागवत के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, “जब सत्ता प्राप्त करनी थी, तब मंदिर-मंदिर की बात करते थे, लेकिन अब सत्ता मिलने के बाद नई नसीहत दे रहे हैं। यह हिंदू समाज को कमजोर करने का प्रयास है।” अविमुक्तेश्वरानंद ने हिंदुओं पर ऐतिहासिक अन्याय का हवाला देते हुए नष्ट हुए मंदिरों के पुनर्निर्माण के लिए सर्वेक्षण की मांग की।
मोहन भागवत का बयान
पुणे में हिंदू सेवा महोत्सव के दौरान मोहन भागवत ने कहा था कि राम मंदिर के निर्माण के बाद कुछ लोग नई जगहों पर विवाद उठाकर हिंदू समाज के नेता बनने की कोशिश कर रहे हैं। यह प्रवृत्ति देश की एकता और अखंडता के लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा, “हर दिन नए मुद्दे उठाए जा रहे हैं, और यह स्थिति अस्वीकार्य है। भागवत के इस बयान ने धार्मिक और सामाजिक संगठनों में बहस छेड़ दी है। उन्होंने संकेत दिया कि ऐसे विवाद हिंदू एकता को कमजोर कर सकते हैं और देश की अखंडता पर खतरा बन सकते हैं।
अविमुक्तेश्वरानंद का कटाक्ष
अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, जिन्होंने सत्ता प्राप्त करने के लिए मंदिरों
का सहारा लिया, वे अब मंदिर की बात से मुंह मोड़ रहे हैं। यह हिंदू धर्म के साथ विश्वासघात जैसा है।” उन्होंने आरएसएस को सलाह दी कि वह अपने बयानों में संतुलन बनाए रखे और धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप से बचे।
बढ़ता विवाद
आरएसएस और प्रमुख संतों के बीच यह मतभेद आने वाले दिनों में और गहराने की संभावना है। यह विवाद हिंदू समाज में नई बहस का कारण बन चुका है। रामभद्राचार्य और अविमुक्तेश्वरानंद के बयानों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हिंदू धर्मगुरु अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत पर कोई समझौता करने को तैयार नहीं हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह विवाद देश की राजनीति और समाज पर क्या प्रभाव डालता है।
रामभद्राचार्य का जवाब
रामभद्राचार्य ने कहा, “मंदिरों के लिए हमारा संघर्ष केवल धार्मिक नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और विरासत का हिस्सा है। इतिहास में आक्रमणकारियों द्वारा नष्ट किए गए मंदिरों को पुनर्स्थापित करना हमारी जिम्मेदारी है।” उन्होंने यह भी कहा कि यह लड़ाई हिंदू धर्म की गरिमा को पुनर्जीवित करने के लिए है और उनके पास ऐसे कई प्रमाण हैं, जो नष्ट किए गए मंदिरों के अस्तित्व को साबित करते हैं।


