ईडी 48 घंटे के लिए सौंप दो
फडणवीस भी देंगे हमे वोट
मुंबई (सं. भा.) : महाराष्ट्र में राज्यसभा की छह में से तीन सीटें जितने के बाद जहां पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भाजपा में जम कर वाह वाही हो रही है। वहीं अपने दूसरे उम्मीदवार के हारने से शिवसेना बुरी तरह बौखला गई है। शिवसेना के नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य संजय राउत हर रोज केंद्र सरकार पर हमला करते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। शिवसेना के संजय ने अपने उव्वाच में यह भी कहा कि 48 घंटे के लिए ईडी हमें सौंप दो, देवेंद्र फडणवीस भी हमें वोट करेंगे।
इसके पहले उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए थे।
राज्यसभा के चुनाव में मिली हार का ठीकरा महाविकास आघाडी ने निर्दलीय और छोटे दलों के विधायकों पर फोड़ा है। शिवसेना के प्रवक्ता व राज्यसभा के सांसद संजय राउत ने कुछ निर्दलीय विधायकों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। संजय राउत केंद्र सरकार पर ईडी के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए हर बार कहते हैं कि शिवसेना उनसे डरती नहीं है। इससे पहले राउत ने कहा था कि संजय राउत ने कहा, चुनाव आयोग ने हमारे एक वोट को अमान्य कर दिया। हमने दो वोटों का विरोध किया लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। चुनाव आयोग ने भाजपा का समर्थन किया।
गौरतलब है कि राज्यसभा की 6 सीटों के लिए 7 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। छठी सीट के लिए बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार धनंजय महाडिक और शिवसेना के संजय पवार के बीच कांटे की टक्कर थी। पवार की जीत के लिए मुख्यमंत्री ठाकरे और एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने खूब फील्डिंग की। विधायकों को कोई तोड़ न पाए, इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पार्टी के विधायकों को फाइव स्टार होटल में कैद कर रखा था। कई निर्दलीय व छोटे दलों के विधायकों को भी सत्ताधारी दल और विपक्ष ने फाइव स्टार की सेवा दी थी। इन सभी को मतदान के लिए सीधे विधान भवन लाया गया। फिर भी बीजेपी ने बाजी मार ली।


