पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
मुंबई (सं. भा.) : नवभारत टाइम्स के राजनीतिक संपादक अभिमन्यु शितोले का 55 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। शुक्रवार 7 मार्च 2025 की दोपहर 3 बजे माहिम के पीडी हिंदुजा अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
अभिमन्यु शितोले का जन्म 11 सितंबर 1970 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। उन्होंने अपनी पत्रकारिता करियर की शुरुआत भी वहीं से की थी। बाद में वह मुंबई चले गए और दोपहर का सामना से जुड़े। इसके बाद उन्होंने टीवी 9 में काम किया और अंत में नवभारत टाइम्स में पॉलिटिकल एडिटर के रूप में कार्यरत थे। अभिमन्यु शितोले की अंतिम यात्रा शनिवार 8 मार्च की सुबह 10 बजे उनके निवास स्थान पिनाक सोसाइटी, केलकर रोड, राम नगर, डोंबिवली (पूर्व) से निकलेगी। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्रीऔर एक पुत्र हैं।
अभिमन्यु शितोले के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उनके सहयोगियों और परिचितों ने उन्हें एक कुशल और ईमानदार पत्रकार बताया है। उन्होंने राजनीतिक रिपोर्टिंग में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिमन्यु के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “मेरा उनसे बहुत पुराना परिचय था। सटीक पत्रकारिता के लिए वे जाने जाते थे। मैं उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पण करता हूं।”


