मुबई (फन्टोष झा) हमेशा ही लोकसेवा में तत्पर सांसद गोपालशेट्टी को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष-नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति गृहमंत्री-अमित शाह ने केन्द्रीय मंत्री एवं भारत की सुशील बहू ‘तुलसी’ यानि कि श्रीमती स्मृति ईराणी के आदेश पर की है। यही ‘आदेश पत्र’ प्राप्त करने के उपरांत श्री शेट्टी शाहीन बाग की परिक्रमा कर मुंबई लौटे है और ९ मार्च की शाम ‘होलिका दहन’ करने वाले हैं। ऐसी जानकारी हमारे संवाददाता फन्टोष झा ने भांग के नशे में झूमते हुए दी है।
इस की जानकारी पाकर जब हमारे संवाददाता झूमते हुए श्री शेट्टी को बधाइयां देने पहुंचे तो वह रम की पूजा-वंदना कर रहे थे। उन्होंने अपनी मदमस्त लाल आंखों से फन्टोष झा की ओर देखा तो वह बेहोशी में भी सकपका गये! फिलहाल लड़खड़ाते हुए उन्होंने श्री शेट्टी को अध्यक्ष चुने जाने की बधाई दी और सवाल भी किया कि श्रीमती ईराणी ने ही क्यों आपकी नियुक्ति का आदेश दिया है। इस सवाल के जवाब में श्री शेट्टी बगैर होंठ खोले ही ठठा कर हंसे और बताया कि देखो झा जी अभी-अभी ८ मार्च बीता है और महिला सशक्तीकरण का मैं बहुत बड़ा पैरोकार हूँ! उन्होंने राज बताने के अंदाज में कहा कि झा जी शायद समूचे मुंबई में मेरे जैसा महिला भक्त कोई नहीं है। मेरे महिला प्रेम के कारण हीं श्रीमती ईराणी ने अमित शाह जी को आदेश देकर मुझे नियुक्त कराया है। अरे भाई महिलाओं के थप्पड़ को भी मैं अपना सौभाग्य मानता हूँ!


