डोंबिवली (सं. भा.)। सार्वजनिक परिवहन में सफर के दौरान यात्रियों का सामान छूट जाना आम बात है, लेकिन रिक्शा में एक सिंगल बोर बंदूक छूटने का मामला सामने आने के बाद पुलिस की तत्परता और रिक्शा चालक की ईमानदारी की सराहना हो रही है। विष्णुनगर पुलिस के सिपाही देसले ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बंदूक लेकर जाने वाले रिक्शा का पता लगाया और उसे उसके असली मालिक तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, भरत तुकाराम चव्हाण की सिंगल बोर बंदूक रिक्शा में छूट गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर विष्णुनगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर रिक्शा क्रमांक MH05DL4223 की पहचान की। इसके बाद रिक्शा चालक दिनेश प्रजापति तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस सिपाही देसले की सक्रियता और रिक्शा चालक दिनेश प्रजापति के सहयोग से बंदूक को सुरक्षित बरामद कर उसके मूल मालिक भरत तुकाराम चव्हाण को लौटा दिया गया। पुलिस की इस तत्परता और रिक्शा चालक के सहयोग की सराहना की जा रही है।


