spot_img
Homeमहाराष्ट्रवसई-विरार में आग का तांडव, एक ही दिन में चार जगह लगी...

वसई-विरार में आग का तांडव, एक ही दिन में चार जगह लगी आग

वसई-विरार (सं. भा.)। शहर में आग की अलग-अलग घटनाओं ने अग्निशमन विभाग की सक्रियता बढ़ा दी। एक ही दिन में चार अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कहीं किराना दुकान और कबाड़ गोदाम आग की चपेट में आए तो कहीं लकड़ियों, कचरे और सूखी घास में आग भड़क उठी। राहत की बात यह रही कि अग्निशमन विभाग की टीमों ने समय रहते मोर्चा संभालकर सभी घटनाओं पर काबू पा लिया। इसी दौरान वसई पश्चिम में पेड़ पर फंसी एक बिल्ली को भी सुरक्षित बचाया गया।
विरार पूर्व के भाटपाडा में सोनलाल किराना स्टोर और उससे सटे कबाड़ गोदाम में रात करीब 11:50 बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही फुलपाडा अग्निशमन केंद्र की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। वहीं, मनवेल पाडा स्थित वात्सल्य कॉम्प्लेक्स के पीछे रखी लकड़ियों और कचरे में भी आग लग गई। वसई पूर्व के कामण स्थित जे.पी. स्कूल के पास एक दुकान में रखे प्लास्टिक के सामान, गत्ते और फोम ने आग पकड़ ली। वसई पश्चिम के राजहंस ड्रीम्स स्टेला परिसर के खुले मैदान में सूखी घास में आग लगने पर सनसिटी और तामतलाव अग्निशमन केंद्र की गाड़ियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
आग की इन घटनाओं के बीच वसई पश्चिम के साई नगर स्थित मारिया सोसायटी में एक अलग रेस्क्यू अभियान भी चलाया गया। यहां एक बिल्ली पेड़ पर फंस गई थी, जिसे अग्निशमन विभाग के जवानों ने बांस की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा। अलग-अलग घटनाओं की सूचना स्थानीय नागरिकों ने अग्निशमन विभाग को दी थी। सभी स्थानों पर जवानों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया।
इन अभियानों में फुलपाडा, वसई फाटा, सनसिटी और तामतलाव अग्निशमन केंद्रों के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। एक ही दिन में आग की चार घटनाओं से जहां विभाग को लगातार सक्रिय रहना पड़ा, वहीं बिल्ली का सुरक्षित रेस्क्यू भी चर्चा का विषय रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com