वसई (सं.भा.): एक ओर सरकार सुरक्षित मातृत्व और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं वसई-विरार जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। सरकारी अस्पतालों में लाखों रुपये की सोनोग्राफी मशीनें धूल खा रही हैं और गर्भवती महिलाएं मजबूर होकर निजी अस्पतालों की महंगी सेवाओं का सहारा लेने को विवश हैं। रेडियोलॉजिस्ट और स्टाफ की भारी कमी के चलते नायगांव समेत पूरे वसई-विरार में सोनोग्राफी सेवा पिछले एक साल से पूरी तरह ठप पड़ी है।
वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के नायगांव स्थित जुचंद्र गांव के माता-बाल संगोपन केंद्र में गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी मशीन तो मौजूद है, लेकिन उसे चलाने वाला कोई रेडियोलॉजिस्ट या प्रशिक्षित कर्मचारी नहीं है। नतीजतन, यहां आने वाली सैकड़ों गर्भवती महिलाओं को जरूरी जांच के लिए प्राइवेट अस्पतालों में भेजा जा रहा है, जहां उन्हें मोटी रकम चुकानी पड़ रही है।
गौरतलब है कि लगभग 30 लाख की आबादी वाले वसई-विरार में बड़ी संख्या में निम्न व मध्यम वर्ग के लोग रहते हैं, जो पूरी तरह सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर हैं। वहीं, करीब 3 लाख की आबादी वाले नायगांव क्षेत्र में जुचंद्र गांव का यह माता-बाल संगोपन केंद्र ही एकमात्र सरकारी सुविधा केंद्र है। इसके बावजूद यहां सोनोग्राफी जैसी बेहद जरूरी जांच सेवा एक साल से बंद पड़ी है।
मनपा क्षेत्र में कुल 5 माता-बाल संगोपन केंद्र हैं, जहां रोजाना सैकड़ों गर्भवती महिलाएं इलाज के लिए पहुंचती हैं, लेकिन इन केंद्रों में न तो सोनोग्राफी और न ही नियमित खून जांच की समुचित व्यवस्था है। केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार, गर्भवती महिलाओं की जांच, प्रसूति और इलाज की सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क होनी चाहिए, मगर चिकित्सा विभाग की लापरवाही के कारण गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आयुक्त ने दिया आश्वासन सोनोग्राफी बंद होने से महिलाओं को हो रही दिक्कतों को लेकर बविआ के नवनिर्वाचित नगरसेवक कन्हैया भोईर ने मनपा आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी से मुलाकात कर जल्द से जल्द रेडियोलॉजिस्ट और आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की। इस पर आयुक्त ने आश्वासन दिया है कि चिकित्सा विभाग के मुख्य अधिकारी से चर्चा कर शीघ्र ही सोनोग्राफी सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।


