ठाणे (सं.भा.): मुंबई–नाशिक हाईवे पर बीते चार वर्षों से जाम की मार झेल रहे वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। ठाणे के माजीवाड़ा से वडपे तक चल रहा सड़क चौड़ीकरण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। परियोजना पूरी होते ही इस व्यस्त मार्ग पर ट्रैफिक दबाव कम होने के साथ-साथ मुंबई–नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर भी तेज और सुगम हो जाएगा।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल (MSRDC) द्वारा जून 2021 में शुरू की गई इस परियोजना के तहत मुंबई–नाशिक हाईवे को चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन किया जा रहा है। माजीवाड़ा से वडपे तक कुल 28.80 किलोमीटर लंबे हिस्से में से अधिकांश मुख्य मार्ग और सर्विस रोड का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्सों को मार्च के अंत तक यातायात के लिए खोलने की तैयारी है।
इस चौड़ीकरण परियोजना में चार प्रमुख पुलों का निर्माण भी शामिल है। कलवा क्रीक ब्रिज का काम पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे शुरू किया जा सकता है। कासेली–वडपे फ्लाईओवर अगले कुछ दिनों में चालू होने की संभावना है, जबकि पिंपलनेर रेलवे ब्रिज का कार्य मार्च तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
हाईवे के दोनों ओर ग्रामीण और शहरी इलाकों को जोड़ने के लिए अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिनमें से दिवा गांव और दिवा क्षेत्र के अंडरपास फरवरी के अंत तक खुल सकते हैं। फिलहाल इस मार्ग पर करीब दो घंटे तक का समय लग रहा है, लेकिन काम पूरा होने के बाद यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।


