जौनपुर (सं. भा.) : मौसम में अचानक परिवर्तन आ गया है। रविवार को कड़ाके की ठंड के बीच कोहरे की चादर भी तनी रही। शनिवार की रात से शुरू हुआ कोहरे का प्रकोप सुबह नौ बजे तक बरकरार रहा। घने कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। सर्द हवाओं के कारण लोग ठिठुरने को मजबूर रहे। तापमान के उतार-चढ़ाव से फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ गया है।
ठंड के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में दुकानों के आगे लोग अलाव जलाकर हाथ सेंकते रहे। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और चल रही सर्द हवाओं से मैदानी इलाकों में आ रही बर्फीली हवाएं सभी को कंपा रही हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह जरूरी काम से निकले लोग गर्म कपड़े पहनने के बाद भी कांपते नजर आए। सबसे अधिक परेशानी किसानों को खेतीबारी व पशुओं की रखवाली करने में हो रही है। कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा के मौसम वैज्ञानिक डा. पंकज जायसवाल ने बताया कि रविवार की सुबह 8 बजे तक तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा। हवा पश्चिमोत्तर से पांच किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हैं। इसके सापेक्ष आर्द्रता 87 फीसद रही। इसके बाद पारा पुन: गिरने लगेगा। फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉक्टर संदीप कुमार ने कहा कि कोहरे के साथ ही बदली युक्त मौसम बना हुआ है। तापमान में लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है। इस तरह का मौसम आलू की फसल के लिए बहुत ही नुकसानदायक है। ऐसी परिस्थिति में आलू में झुलसा रोग बहुत तेजी से फैलता है अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो बहुत ही जल्द पूरी फसल रोग की चपेट में आ सकती है। जिलाधिकारी ने रात में देखी रैन बसेरे की हकीकत
जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह रविवार रात नौ बजे नगर में पहुंच रैना बसेरा समेत साफ सफाई का निरीक्षण किया। नगर पहुंचने पर उन्होंने रोडवेज स्थित रैन बसेरे को देखा। निरीक्षण के बाद बाहर जल रहे अलाव के पास पहुंचे लोगों से बातचीत की। यूनियन बैंक के बगल चल रही साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके बाद वे सब्जी मंडी पहुंचे जहा उन्होंने सफाई कर रहे कर्मचारी से उसके वेतन मिलने संबंधित जानकारी ली। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को साफ सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही रैन बसेरे में पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। उप जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी विजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पाडे मौजूद रहे।


