मुंबई (स.भा.): त्योहारों के मौसम में मिठाइयों और पनीर जैसी खाने-पीने की चीजों की मांग बढ़ जाती है, लेकिन इस बार बाजार से खरीदी गई हर चीज सुरक्षित नहीं है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग्स प्रशासन (FDA) ने पिछले दो महीनों में 18 लाख रुपये कीमत के मिलावटी खाद्य पदार्थों को जब्त किया है।
10,875 किलो मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त
FDA ने शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई करते हुए 10,875 किलो मिलावटी पनीर, दूध, खोआ, ड्राई फ्रूट्स, मिठाई, रिफाइंड तेल और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए। अधिकारियों के मुताबिक, डेढ़ करोड़ से अधिक जनसंख्या वाले शहर में केवल 6 FDA अधिकारी हैं, जो इस बड़ी चुनौती से निपट रहे हैं।
324 दुकानों पर छापेमारी, 8 लाइसेंस निलंबित
11 अगस्त से 15 अक्टूबर तक प्रशासन ने शहर की 324 दुकानों में छापेमारी की। 299 दुकानों से सैंपल लिए गए, जिनमें से 195 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, 8 दुकानदारों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
सेहत पर गंभीर खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार मिलावटी खाद्य पदार्थ किडनी, लीवर और हृदय पर प्रतिकूल असर डाल सकते हैं। डॉक्टर दीपक बैंड बताते हैं कि “कुछ मिलावटें आगे चलकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का रूप भी ले सकती हैं। उदाहरण के लिए, प्लास्टिक मिलाया गया खाद्य पदार्थ शरीर में रासायनिक प्रभाव डाल सकता है।”
FDA ने दी चेतावनी
अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि त्योहारों के दौरान किसी भी अज्ञात या अनसर्टिफ़ाइड स्रोत से खाद्य पदार्थ न खरीदें। सुरक्षित स्रोतों से ही मिठाई, दूध और ड्राई फ्रूट्स जैसी चीजें लें।


