संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी
कानपुर (सं. भा.) – होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। हुड़दंग और नशेबाजी पर पुलिस की सख्त नजर रहेगी। 100 से अधिक मस्जिदों के पास होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिससे संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
इस बार 13 मार्च को होलिका दहन और तरावीह की नमाज एक ही दिन पड़ रही है। इसे देखते हुए डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। रावतपुर रामलला मंदिर से मसवानपुर-जामा मस्जिद होते हुए निकलने वाले जुलूस के दौरान भी व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
शहर में 250 से अधिक मस्जिदों में तरावीह की नमाज और होलिका दहन कार्यक्रम एक साथ होगा। डीएम ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सभी सुविधाओं को सुचारू रूप से बनाए रखने का आदेश दिया है। बैठक में एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार, अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर को अलग-अलग जोन में बांटा है। पूर्वी जोन में 19 अति-संवेदनशील, 59 संवेदनशील और 627 सामान्य होलिका स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस की मदद के लिए सीपीएमएफ, फायर टेंडर और घुड़सवार पुलिस भी तैनात रहेगी।
शराब की अवैध बिक्री रोकने के लिए चेकिंग टीमों को अलर्ट किया गया है। कुल 1,20,564 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रहेगी।
शहर के रावतपुर, कोतवाली और बाबूपुरवा थानों में कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। डीएम ने आदेश दिया है कि होली के दौरान बजने वाले साउंड की आवाज अधिक तेज न हो। पिछली घटनाओं को देखते हुए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।


