spot_img
Homeमुंबईठाणे से बोरीवली ट्वीन टनल को मिलेगी रफ्तार

ठाणे से बोरीवली ट्वीन टनल को मिलेगी रफ्तार

  • पीएम मोदी ने निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

मुंबई (सं. भा.) ठाणे से बोरीवली जाने के इच्छुक वाहन चालकों की यात्रा डेढ़ घंटे की बजाय 15 से 20 मिनट में पूरी हो सकती है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का ड्रीम प्रोजेक्ट कहे जाने वाले बोरीवली-ठाणे टनेल रोड प्रोजेक्ट की सभी अड़चनों को मात देने के बाद ट्वीन टनेल के निर्माण कार्य का शुभारंभ शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। ठाणे से बोरीवली की दूरी लगभग 24 किमी है। बोरीवली जाने के लिए घोड़बंदर रोड के रूट पर भारी ट्रैफिक जाम की वजह से बोरीवली से ठाणे का सफर तय करने में 1 से 1.5 घंटे का समय लगता है। टनेल रोड बन जाने पर यह दूरी आधी रह जाएगी। यात्रा में समय के साथ ईंधन की बचत होगी।

राज्य के इस सबसे लंबे ट्वीन टनेल रोड के लिए जरूरी स्टेट वाइल्ड लाइफ बोर्ड का क्लीयरेंस राज्य वन्यजीव परिषद की 22 वीं बैठक में दे दी गयी थी।
निविदा प्रक्रिया को लेकर विवाद था उसे भी मुंबई उच्च न्यायालय ने सुलझा दिया था। ठाणे से बोरीवली की दूरी महज 20 मिनट में पूरा करने को लेकर मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने 11.8 किमी लंबी ठाणे- बोरीवली भूमिगत मार्ग के निर्माण की परियोजना तैयार की है।


इसके तहत संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे से टनल बनाया जाना है। 16 हजार 600 करोड़ की इस परियोजना के तहत 2 पैकेज में निर्माण होगा।
एमएमआरडीए के अनुसार पैकेज 1 में बोरीवली की तरफ 5.75 किमी लंबी जुड़वां ट्यूब रोड सुरंग का डिजाइन और निर्माण एवं पैकेज 2 में ठाणे की तरफ 6.09 किमी लंबी जुड़वां ट्यूब रोड सुरंग का डिजाइन और निर्माण किया जाएगा। वहीं दोनों सिरों पर एक संयुक्त रूप से 1.55 किमी की सड़कें बनेंगी। ठाणे-बोरीवली के बीच संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे से गुजरने वाले भूमिगत मार्ग में 3 लेन वाली जुड़वा सुरंग जमीन के सतह के नीचे 23 मीटर की गहराई पर होंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com