मुंबई ( सं.भा.): रंगों के पर्व होली के अवसर पर शहर में जगह-जगह उत्सव और मिलन समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बांद्रा पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन में होली स्नेह सम्मेलन का आयोजन किया गया, जहां फूलों की होली खेलकर समाज के लोगों ने एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
उत्तर भारतीय संघ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और फूलों की होली खेलकर पर्व की खुशियां साझा कीं। गीत-संगीत और पारंपरिक मिलन के माहौल से पूरा परिसर उत्साह और उमंग से भर उठा।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर भारतीय संघ हमेशा समाज के हर वर्ग के साथ खड़ा रहा है और आगे भी जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज को जोड़ना और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में विधायक राजहंस सिंह का भी विशेष सम्मान किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर भारतीय समाज का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है और समाज के हितों के लिए काम करना उनकी जिम्मेदारी है।
समारोह के दौरान समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए कई लोगों ने सहयोग की घोषणा की। इस मौके पर विशाल सिंह ने पांच लाख रुपये का चेक देकर संघ के विशेष ट्रस्टी बनने की घोषणा की। उनके पिता अशोक सिंह ने कहा कि संस्था को मजबूत बनाने में संतोष आरएन सिंह के प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। गायक राकेश तिवारी और उनकी टीम ने होली के पारंपरिक गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह रंगीन बना दिया, जिससे उपस्थित लोग झूम उठे।
फूलों की होली में झलकी एकता की रंगत, उत्तर भारतीय संघ के कार्यक्रम में उमड़ा समाज
RELATED ARTICLES


