- उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिए तत्काल राहत कार्यों के निर्देश
मुंबई (सं. भा.) राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला कलेक्टरों और नगर निगम आयुक्तों को निर्देशित किया कि स्थिति पर निरंतर नजर रखी जाए और समय पर राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में विशेष रूप से मुंबई, कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र के क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसे देखते हुए उपमुख्यमंत्री ने ठाणे, नासिक, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पालघर और रायगढ़ जिलों के कलेक्टरों एवं ठाणे-मुंबई महानगरपालिका आयुक्तों से सीधी बातचीत कर राहत कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि सभी जिलों में आपदा प्रबंधन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि बारिश से जनजीवन प्रभावित न हो और जान-माल की हानि से बचा जा सके इसके लिए प्रशासन को ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने होंगे।
उन्होंने विशेष रूप से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों की सड़कें, पुल और बिजली की लाइनों की निगरानी रखने और जीर्ण-शीर्ण इमारतों पर तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, उपनगरीय रेल यातायात के सुचारू संचालन की निगरानी करने को भी कहा ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने नागरिकों से भी अपील की कि मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें, जब तक आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें और विशेष रूप से निचले इलाकों में रहने वाले लोग अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह स्थिति पर गहन नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है।


