- BMC खर्च करेगी 52 करोड़ रुपये
मुंबई (सं. भा.) : लेट-लतीफी के लिए जाने जानी वाली बीएमसी ने 2023-24 के शिक्षा सत्र के लिए विद्यार्थियों की सामग्री खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए बीएमसी करीब 52 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बीएमसी ने दो अलग-अलग प्रस्ताव तैयार किए हैं। पहले प्रस्ताव में 31.81 करोड़ और दूसरे में 20.61 करोड़ रुपये का प्रावधान है। बीएमसी 2007 से विद्यार्थियों को 27 प्रकार की वस्तुएं स्कूल खुलने पर उपलब्ध कराती है। इसमें स्कूली किताबों के साथ-साथ छात्रों को स्कूल बैग, छाते, रेनकोट, वॉटर बॉटल, पेंसिल, बुक और यूनिफॉर्म सहित अन्य सामग्री शामिल होती है। यह सामान जून में स्कूल खुलने के पहले दिन छात्रों को उपलब्ध कराने का नियम है।

3 लाख से अधिक विद्यार्थी
बीएमसी प्रशासन यह सुविधा प्री प्राइमरी से 10 वीं तक के विद्यार्थियों को उपलब्ध कराती है। बीएमसी मुंबई में मराठी, हिंदी, इंग्लिश, गुजराती, तमिल, तेलगू, कन्नड़ और उर्दू सहित कुल 8 माध्यमों के स्कूलों का संचालन करती है। जिसमें 3 लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं। बीएमसी प्रस्ताव के अनुसार, ज्योमेट्री कंपास बॉक्स, प्लास्टिक स्केल, ऑइल पेस्टल, पोस्टर कलर बॉक्स, ड्राइविंग पेंसिल, राइटिंग पेंटिंग बॉक्स, फाइन हेयर ब्रश, बॉल पेनबॉक्स स्टेशनरी सामान सहित अन्य शामिल हैं। स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए बीएमसी जूते, मोजे सहित अन्य सामान ज्यादा संख्या में खरीद रही है। अब 2. 86 लाख की बजाय 3.55 लाख जूते और 8.51 लाख की बजाय 10. 41 लाख सैंडल मंगाए जाएंगे। इसी तरह स्टेशनरी के सामानों में 5.92 लाख की वृद्धि हुई है।


