नालासोपारा (सं. भा.): नागरिकों की महसूल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं को लोगों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से पालघर जिले के पेल्हार मंडल अधिकारी कार्यालय में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक राजन नायक एवं स्थानीय नगरसेवकों ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान नागरिकों को 7/12 उतारा, 8-अ दस्तावेज, पीएम किसान योजना से संबंधित जानकारी, ई-मोजणी, अभिलेख सुधार सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं “सिंगल डे सर्विस” के तहत उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जहां लोगों की मुफ्त जांच कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर वसई तहसीलदार ने नागरिकों को सरकारी योजनाओं और महसूल विभाग की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनकर उनके त्वरित निपटारे का आश्वासन भी दिया। शिविर में मौजूद नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर कई सेवाएं मिलने से उन्हें काफी सुविधा हुई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में “शामूबाई नाना जनकल्याण प्रतिष्ठान” का विशेष सहयोग रहा। आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, महसूल विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ महसूल समाधान शिविर, लोगों ने उठाया लाभ
RELATED ARTICLES


