- पूर्व भाजपा नगरसेवक मुरजी पटेल ने सरकार से की मांग
मुंबई (सं. भा.) : गणेशोत्सव के बाद नवरात्रोत्सव पर्व मुंबईकर धूम धाम से मनाते हैं। कोर्ट के आदेश के चलते रात 10 बजे ही नवरात्रोत्सव में होने वाले गरबा और डांडिया खेलने वालों को पुलिस रोक देती है। ऐसे में नवरात्रोत्सव की समय सीमा रात 10 से रात 12 बजे तक बढ़ाने की मांग सभी नवरात्रि मंडल मिलकर सरकार से करेंगे। भाजपा के पूर्व नगरसेवक मुरजी पटेल ने अंधेरी के रेड्डीसन होटल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में यह बात कही। इस वर्ष पटेल मशहूर पारंपरिक लोक गीत गायिका गीता रबारी के साथ मिलकर होली फॅमिली ग्राउंड में गरबा का आयोजन कर रहे हैं। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पटेल ने कहा कि व्यस्तता के कारण मुंबईकर रात 10 बजे तक अपने काम से फुर्सत पाता है। अदालती आदेश के कारण कार्यक्रम का आयोजन रात 10 के बाद रोक दिया जाता है। ऐसे हालात में मुंबईकर नवरात्रोत्सव का आनंद नहीं ले पाते है इसलिए सभी नवरात्रोत्सव मंडल मिलकर सरकार से मांग करेंगे कि कम से कम 4 दिन के लिए नवरात्रोत्सव की समय सीमा रात 12 बजे तक की जाए। हमें पूरा विश्वास है कि हिंदुत्ववादी सरकार हमारा आग्रह अवश्य स्वीकार करेगी। उनका नवरात्रोत्सव कार्यक्रम अंधेरीवासियों के लिए मुफ्त होगा। अंधेरीवासियों को मुफ्त में पास दिए जाएंगे। बाहर से आने वाले लोगों से शुल्क लिया जाएगा। गायिका गीता रबारी ने बताया कि लोक गीतों का ही समावेश होगा और बड़े ही पारंपरिक तौर से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष पवन त्रिपाठी, पूर्व नगरसेवक अभिजीत सावंत समेत कई लोग उपस्थित थे।



