- दहिसर से काशिगांव तक अगले हफ्ते शुरू होगा ट्रायल रन
मीरा-भाईंदर (सं. भा.) । मीरा-भाईंदर के निवासियों के लिए खुशखबरी है! बहुप्रतीक्षित मेट्रो-9 के पहले चरण का ट्रायल रन अगले हफ्ते से शुरू होने जा रहा है। इसके तहत दहिसर से काशिगांव (काशीमीरा) तक के 4.973 किलोमीटर लंबे मार्ग पर मेट्रो दौड़ेगी। रविवार को इस रूट पर बिजली आपूर्ति प्रणाली का सफल निरीक्षण किया गया, जिसकी जानकारी एमएमआरडीए के अभियंता सचिन कोठवाले ने दी।
हालांकि, पूरे 13.5 किलोमीटर लंबे दहिसर (पूर्व) से भाईंदर तक फैले मेट्रो-9 कॉरिडोर को अभी पूरा होने में समय लगेगा। इसलिए, एमएमआरडीए ने यात्रियों को जल्द सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इसे दो चरणों में शुरू करने की योजना बनाई है। पहले चरण में दहिसर से काशिगांव तक चार स्टेशनों के साथ मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी। इसके बाद, दूसरे चरण में काशिगांव से भाईंदर तक का संचालन शुरू किया जाएगा।
यह मेट्रो-9 लाइन मेट्रो-7 और मेट्रो-2ए जैसे महत्वपूर्ण मेट्रो कॉरिडोर से भी जुड़ेगी, जिससे यात्रियों को अंधेरी तक सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी। हाल ही में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मेट्रो कार्य का निरीक्षण किया और विश्वास जताया कि यह परियोजना मीरा-भाईंदर क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि शेष कार्यों को नवंबर तक पूरा कर ट्रायल रन की सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। मीरा-भाईंदर के निवासियों को अब जल्द ही इस आधुनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है।


