मुंबई (सं.भा.)खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कांदिवली पश्चिम के चारकोप इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रूप से मिलावटी रबड़ी कुल्फी बनाने वाली इकाई पर छापा मारा। जांच में खाद्य मानकों के उल्लंघन और भ्रामक लेबलिंग के मामले सामने आने के बाद अधिकारियों ने 17,400 रुपये मूल्य की 58.4 किलोग्राम रबड़ी कुल्फी जब्त कर ली।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने चारकोप स्थित एक कुल्फी निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि जिस उत्पाद को रबड़ी कुल्फी के रूप में बाजार में बेचा जा रहा था, उसमें ताड़ के तेल और स्टार्च आधारित सामग्री का उपयोग किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान पैकेजिंग पर दर्ज जानकारी और वास्तविक सामग्री में भी अंतर पाया गया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को बिना लेबल वाली क्रीम का स्टॉक भी मिला, जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। एफडीए के अनुसार, उत्पादों की पैकेजिंग पर दी गई जानकारी भ्रामक थी और यह खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
अधिकारियों ने रबड़ी कुल्फी और संबंधित खाद्य सामग्री को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एफडीए ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


