पर्यावरण पखवाड़े के तहत लगाए गए 500 पौधे
मुंबई (सं. भा.) मानव धर्म के प्रणेता सदगुरुदेव सतपाल महाराज की प्रेरणा से मानव उत्थान सेवा समिति के संयोजन में पूरे भारत वर्ष में वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। 2 से 16 जुलाई तक चलने वाले इस पखवाड़ा अभियान में जगह जगह वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी कड़ी में मानव उत्थान सेवा समिति, श्री हंस विजय नगर आश्रम वसई पूर्व के तत्वावधान में शनिवार को वृक्षारोपण का आयोजन वसई आश्रम में किया गया। इस अभियान में अब तक कुल 500 वृक्षों को लगाया गया है जिसमें 200 पेड़ सागौन, 150 पेड़ महोबनी, 100 पेड़ मालाबार नीम और 50 पेड़ में नारियल, पपीता, बेल और आंवला आदि शामिल है।

इस अवसर पर वसई आश्रम के प्रभारी महात्मा मुसाफिरनंद ने वृक्षारोपण का महत्व समझाते हुए कहा कि जीवनदायिनी वृक्ष हमें फल फूल और औषधि के अलावा जीवन के अस्तित्व को बनाए रखने वाली ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। इसलिए हम सबको पेड़ अवश्य लगाना चाहिए और उनकी रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि जीवन में अध्यात्म भी बहुत जरूरी है। जिस तरह शरीर के लिए ऑक्सीजन जरूरी है उसी तरह आत्मा के लिए भजन, सुमिरन और सेवा आवश्यक है। आत्मज्ञान को पाने के लिए समय के किसी सद्गुरु की शरण में जाकर ज्ञान प्राप्त करना चाहिए ताकि जीवन का कल्याण हो सके। इस अभियान में महात्मा गोपालानंद, महात्मा समानंद के साथ मानव सेवा दल महाराष्ट्र के प्रांत पाल नितिन देशमुख व स्वयंसेवक, शाखा आश्रम विभाग शामिल थे।


