spot_img
Homeठाणेपहलगाम के शहीदों को श्रद्धांजलि

पहलगाम के शहीदों को श्रद्धांजलि

  • डोंबिवली में स्मारक की गुहार

प्रमोद कुमार
डोंबिवली (सं. भा.) : कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने डोंबिवली शहर को गहरा सदमा दिया है। इस हमले में डोंबिवली के तीन नागरिकों – संजय लेले, अतुल मोने और हेमंत जोशी – की निर्मम हत्या कर दी गई, जो अपने परिवारों के साथ छुट्टियां मनाने गए थे। इस घटना के बाद पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। अब इन शहीदों की याद में एक स्मारक बनाने की मांग उठ रही है।
भाजपा के प्रदेश कार्याध्यक्ष और डोंबिवली के विधायक रविंद्र चव्हाण ने कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका आयुक्त अभिनव गोयल को पत्र लिखकर भागशाला मैदान में शहीद स्मारक बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि पहलगाम हमले में मारे गए डोंबिवली के नागरिकों का अंतिम संस्कार से पहले पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए डोंबिवली पश्चिम के भागशाला मैदान में रखा गया था। यहां आम लोगों के साथ-साथ राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी आकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इसी भावनात्मक महत्व को देखते हुए रविंद्र चव्हाण ने महानगर पालिका से भागशाला मैदान में एक शहीद स्मारक बनाने की मांग की है। यह स्मारक न केवल उन तीन नागरिकों की स्मृति को जीवित रखेगा, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का प्रतीक भी बनेगा।
पहलगाम में हुए इस बर्बर हमले ने 26 निर्दोष पर्यटकों की जान ले ली, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। डोंबिवली शहर, जो अपने नागरिकों को खोने के गहरे दुख में है, अब अपने प्रियजनों की याद को स्थायी रूप देने के लिए एक स्मारक की मांग कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com