शंभूनाथ शुक्ल.
याद करिये 1971 को जब पूर्वी पाकिस्तान में शेख़ मुजीबुर रहमान के नेतृत्व में मुक्ति वाहिनी का स्वतंत्रता आंदोलन चल रहा था और भारत पर इस आंदोलन की मदद का आरोप था. खुन्नस में पाकिस्तान की याहिया ख़ाँ सरकार ने भारत पर हमला कर दिया था. किंतु भारत की सैन्य शक्ति उत्साह से भरी थी. पाकिस्तान को लगातार मात खानी पड़ रही थी. तब अमेरिका ने पाकिस्तान की मदद के लिए भारत से भिड़ने के लिए अपना सातवाँ बेड़ा रवाना कर दिया था. पूरी दुनिया हक्की-बक्की रह गई थी. मगर वह शीत युद्ध का दौर था, सोवियत संघ हमारे साथ खड़ा था. और भारत की नेवी तथा वायु सेना ताकतवर थी इसलिए अमेरिका से हम नहीं डरे. किंतु अब स्थितियां बदल गई हैं. अब अमेरिका दक्षिण एशिया को लेकर एक कूटनीतिक चुप्पी साधे है. बांग्ला देश के मामले में उसने साफ़ कह दिया है, उसे भारत ही संभाले.
वैसे ट्रम्प की यह साफगोई पसंद की जानी चाहिए. भारत दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए आसपास के देशों को संभालने की ज़िम्मेदारी तो भारत की ही बनती है. विदेशी मामलों के विशेषज्ञ मारूफ रज़ा का कहना है, हमें अमेरिका से उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए कि हमारे पड़ोसी देशों के अंदर वह दखल करे या प्रतिबंध लगाये. बांग्ला देश हमारा पड़ोसी है, अमेरिका का नहीं. इसलिए बांग्ला देश के अंदर जो कुछ हो रहा है, उससे निपटने की ज़िम्मेदारी हमारी ही बनती है. पिछली पांच अगस्त को बांग्ला देश में जो कुछ हुआ था, भारत उस पर लगातार चुप्पी साधे है. एक चुनी हुई सरकार का निर्वासन और अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस जिस तरह से वहां कामकाज संभाल रहे हैं, उससे अराजकता बढ़ी है. वहां के अल्पसंख्यकों पर भी अत्याचार हो रहे हैं पर मोदी सरकार ने कोई टिप्पणी नहीं की.
मारूफ रज़ा का मानना है कि बांग्ला देश को बनवाया ही भारत ने था इसलिए वहां की अराजकता को खत्म करने के लिए भारत को सक्रिय होना जरूरी है. बांग्लादेश की निर्वासित प्रधानमंत्री शेख हसीना वाजेद भारत में हैं. उनको सुरक्षित बांग्ला देश में स्थापित करने में भारत की भूमिका होनी चाहिए. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रेस के सामने स्पष्ट कहा, कि बांग्लादेश में अमेरिकन डीप स्टेट की कोई भूमिका नहीं है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांग्लादेश का ध्यान रखें. राजनीतिक रूप से यह बहुत बड़ी बात है. एक तरह से अमेरिका ने भारत को दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी ताकत मान लिया है. ट्रम्प के स्पष्टीकरण का एक अर्थ यह भी है, कि भारत न सिर्फ़ बांग्ला देश बल्कि सार्क देशों के सभी देशों (पाकिस्तान, अफगानिस्तान, नेपाल, भूटान श्रीलंका, बांग्लादेश, मालदीव और स्वयं भारत) के मामले खुद देखे. उनके इस बयान से बांग्ला देश सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंच आई हैं.
चीन, जापान, कोरिया आदि देशों के जानकार पंकज मोहन कहते हैं कि डोनाल्ड ट्रम्प बड़े खिलाड़ी हैं. वे बांग्ला देश में भारत को कुछ भी करने की बात तो कर रहे हैं लेकिन यह नहीं बता रहे कि यदि प्रतिक्रिया में चीन ने भारत को आंख दिखाई तब अमेरिका क्या करेगा! उनके अनुसार डोनाल्ड ट्रम्प की नीति अमेरिका फ़र्स्ट की है. वे जिस तरह से लातिन अमेरिकी देशों को US का पिछलग्गू समझते हैं, वही राय भारत को दे रहे हैं. लेकिन आज की बदलती दुनिया क्या यह संभव है. आज चीन के हित बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान से जुड़े हुए हैं. किसे नहीं पता कि मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुज्जु को किसने हवा दी थी. ऐसे में चीन क्या भारत का प्रभाव पड़ोसी देशों पर पड़ने देगा. कल को चीन जब एक बड़ा संकट बनेगा, तब भारत क्या करेगा!
विदेशी मामलों के जानकार वरिष्ठ पत्रकार सुदीप ठाकुर का कहना है, कि भारत को शुरू से ही सार्क (SAARC) संगठन को और मजबूत करना था. राजीव गांधी के समय SAARC की स्थापना हुई थी. मगर धीरे-धीरे वह संगठन मरता गया. पिछले 10 साल से वह मृतप्राय पड़ा हुआ है. यदि भारत इन देशों पर अपना दबदबा बनाए रखता तो पिद्दी-पिद्दी देशों की यह हिम्मत न पड़ती कि वह एक बड़ी ताकत भारत को आंख दिखाते! आज बांग्ला देश में भारत विरोध के नारे लग रहे हैं. वहां कई भारत विरोधी संगठन काम कर रहे हैं. शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्ला देश की सरकार भारत पर दबाव डाल रही है. बांग्ला देश की मोहम्मद यूनुस सरकार की यह दबंगई भारत की कमजोरी का सबूत है. भारत को इस पर पलट कर घुड़की देनी थी. पर यह तब संभव था, जब भारत सार्क का नेतृत्व करता रहता.
बांग्ला देशी मामलों के जानकार अरुण माहेश्वरी कई पीढ़ियों से कोलकाता में रह रहे हैं. वे 1971 से बांग्ला देश को देख रहे हैं. उनका कहना है, कि ट्रंप की नीति ही है क्षेत्रीय ताकतों को अधिकार देना. आज अमेरिका तो चाहता ही है, कि यूक्रेन पर रूस का क़ब्ज़ा रहे और अरब देशों, दक्षिण अमेरिका, लातिन अमेरिका और मध्य अमेरिका के देशों पर अमेरिका की धौंस चलती रहे. ट्रम्प ने तो कनाडा को अपना 51 वां राज्य घोषित कर रखा है. उन्हें यह बात समझ नहीं आ रही कि कनाडा का कुल एरिया पूरे USA से काफी ज्यादा है. वह एक स्वतंत्र संप्रभु देश है, मगर कनाडा को अपने में मिलाना उसकी कूटनीति है. इसी तरह मैक्सिको पर वह दबाव बना रहा है. पनामा नहर पर अपना कब्जा करना चाहता है. अमेरिका फर्स्ट का मतलब केवल अमेरिका नहीं होता. श्री माहेश्वरी के अनुसार इसी तरह की गीदड़-भभकियों से ट्रंप अपने चार वर्ष गुजारना चाहते हैं.
सच तो यह कि ट्रंप अपने साथ जिन सहयोगियों को लिए हैं, वे सब व्यापारी हैं. उनका मकसद पूरे विश्व के संसाधनों पर कब्जा करना है. इसलिए वे लोग ट्रम्प को कहते रहते हैं कि ये करना है. अन्यथा किस हैसियत से अमेरिका गाजा पट्टी पर अधिकार जताने पर जुटा हुआ है. यह व्यापारी वर्ग लोकतंत्र और उसके मूल्यों को समाप्त करने पर जुटा है. वह सेकंड वर्ल्ड वार के बाद हुई नाटो (NATO) संधि को भी ठुकरा रहा है. इसलिए उसके निशाने पर यूरोपीय यूनियन (EU) है. EU के देश NATO संधियों की शर्तों को लेकर अधिक आग्रही हैं. यह बात USA को अखर रही है. जिस तरह ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को हड़काया है, वह सबूत है कि USA उसी का साथ देगा जो या तो उसके व्यापारिक हितों के लिए मददगार बनेगा या वह वहां लूट मचाएगा.
वैसे भारत के लिए बेहतर रहता कि वह पूर्ववत अपनी NAM (Non Aligned Movement) वाली लाइन पर रहता. प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने उस समय दुनिया की दोनों बड़ी शक्तियों- सोवियत संघ और अमेरिका (USSR & USA) से अलग रह कर निर्गुट रास्ता पकड़ा था. किंतु 1991 में सोवियत संघ के बिखरने के बाद अमेरिका अकेली विश्व शक्ति बन गया. तो यह आंदोलन भी कमजोर पड़ता गया. मगर आज फिर से USA, CHINA, RUSSIA जैसी ताक़तें खड़ी हो रही हैं और पूरा विश्व बहु ध्रुवीय बनता जा रहा है, ऐसे में भारत को सबसे अलग रहना ही होगा. गफ़लत में ही सही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बांग्लादेश की गेंद भारत के पाले में डाल दी है तो भारत इसे लपक ले।


