पर्यावरण के अनुकूल मनाया जाएगा त्योहार
विरार (सं. भा.) गणेशोत्सव को लेकर वसई-विरार मनपा जोरदार तैयारी शुरू कर दी हैं। इस बार मनपा ने पर्यावरण के अनुकूल गणेशोत्सव मनाने का निर्णय लिया है, जिसके मद्देनजर विभिन्न योजनाएं चलाये जा रहे हैं। गणेशोत्सव के अवसर पर विभिन्न कार्यो की योजना बनाने के लिए मनपा आयुक्त अनिल कुमार पवार ने मनपा मुख्यालय में सभी अधिकारियों के साथ की बैठक कर विशेष चर्चा की। साथ ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को उनके कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया हैं।
बिजली कनेक्शन की होगी जांच आयुक्त ने मंडलों को अनुमति देने के संबंध में उपाय करने, मंडलों द्वारा नियमों के अनुपालन की जांच करने के साथ ही कार्यपालक अभियंता को गणेश प्रतिमा के आगमन एवं विसर्जन का प्रारूप तैयार करने का निर्देश दिया है।

बिजली का निरीक्षण
बिजली विभाग को गणेश मंडलों द्वारा लिए गए बिजली कनेक्शन का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है कि उक्त बिजली कनेक्शन मनपा के बिजली पोल से लिया गया है या कैसे? इसकी जांच के लिए बिजली विभाग को निर्देश दिये गये हैं।
विसर्जन मार्ग के सभी गड्ढों को भरने के निर्देश
अग्निशमन विभाग को यह जांच करने का निर्देश दिया गया है कि गणेशोत्सव मंडप में आग से बचाव के उपायों की व्यवस्था की गई है या नहीं। गणेशोत्सव से पहले विसर्जन मार्ग पर सभी गड्ढों को भरने और सड़कों की मरम्मत करने के आदेश निर्माण विभाग को दिए गए हैं।
सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए
इसके अलावा पिछले वर्ष मनपा कृत्रिम तालाब का प्रयोग सफलतापूर्वक किया था। जिसको देखते हुए इस बार भी कृत्रिम तालाब का प्रयोग किया जाना हैं। कृत्रिम तालाब के लिए जगह तलाश करने एवं नक्शा तैयार करने का निर्देश दिया गया हैं। इसके अलावा विसर्जन स्थल पर मूर्ति संग्रहण केंद्र एवं रोशनी की व्यवस्था की जानी हैं। साथ ही आयुक्त ने बंद खदान के तालाब में सही तरीके से मूर्ति विसर्जन करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने, विसर्जन स्थल पर सुविधाएं
उपलब्ध कराने आदि का भी निर्देश दिया है।


