अस्पताल से मरीज को भेजा वापस
विरार (सं. भा.) वसई – विरार मनपा वैसे तो जन सुविधा उपलब्ध कराने में पहले से ही फिसड्डी रहा है। अब एकबार फिर वसई – विरार मनपा की पोल उस वक्त खुल गई , जब नवनिर्मित बोलिंज स्थित बाल चिकित्सालय में नवजात शिशु को भर्ती कराने गए परिजनों को यह कह कर वापस कर दिया गया कि अस्पताल में वेंटिलेटर बंद है, आप अपने मरीज को किसी दूसरे अस्पताल में ले जाएं। वहीं इस मामले को मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि वेंटिलेटर बंद नहीं बल्कि सभी बेड फुल हैं। अंकिता दुबे नामक महिला का कहना है कि गुरुवार को एक अस्पताल में डिलीवरी हुआ था, लेकिन डॉक्टरों ने उनके बच्चे की हालत गंभीर बताते हुए तत्काल वेंटिलेटर पर रखने की जरूरत बताई, जिसके लिए अंकिता बच्चे को लेकर बोलिंज में मनपा द्वारा संचालित बाल चिकित्सालय में गई, लेकिन वहां के कर्मचारियों ने वेंटिलेटर बंद होने का हवाला देते हुए मरीज को वापस कर दिया।
सिर्फ लूट मची है मनपा अस्पतालों में
मनपा अस्पतालों में इन दिनों सिर्फ लूट मची है। सामान्य मरीजों का उपचार करने में भी मनपा नाकाम है। आबादी के अनुसार यहां एक अच्छे सरकारी अस्पताल की जरूरत है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं देता। यहां पर चिकित्सा व्यवस्था सिर्फ कागजों पर बेहतर चल रहा है। धरातल पर सब शून्य है। – पंकज देशमुख, जिला प्रमुख, शिवसेना पालघर

बेड फुल थे, वेंटिलेटर बंद नहीं
बोलिंज के बाल चिकित्सालय का वेंटिलेटर बंद नहीं है। मामले की जानकारी मिली थी, जांच में पता चला कि महिला रात 11 बजे गई थी, उस वक्त अस्पताल के सारे बेड फुल थे.. इसी कारण कर्मचारी ने महिला को दूसरे दिन आने को बोला था। – डॉ. भक्ति चौधरी चिकित्सा अधिकारी, वसई विरार मनपा


