वसई (सं. भा.) – वसई-विरार सिटी महानगरपालिका और मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र स्लम पुनर्वसन प्राधिकरण (ब्रिहन्मुंबई महानगरपालिका को छोड़कर) के संयुक्त तत्वावधान में “एसआरए जन जागरूकता अभियान” का आयोजन किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, डेवलपर्स और आर्किटेक्ट्स को झुग्गी पुनर्वास, नागरिक सुविधाओं, आवास अधिकारों, पुनर्वास प्रक्रिया और विकास परियोजनाओं के बारे में गहन मार्गदर्शन प्रदान करना था।
स्वच्छ, सुसज्जित और सुरक्षित आवास के अवसर उपलब्ध कराना, झुग्गी पुनर्वास प्रक्रिया को तेज करने में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, साथ ही झुग्गीवासियों को स्थायी घरों का सपना साकार करने के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रहा।

वसई के प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन प्राप्त करने के लिए एसआरए योजना के प्रभावी कार्यान्वयन की जरूरत बताई गई। सभी डेवलपर्स और आर्किटेक्ट्स से योजना के सफल क्रियान्वयन में खुलकर योगदान देने का आह्वान किया गया।
वसई तालुका के नागरिकों की ओर से इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया गया और वसई-विरार को झुग्गी मुक्त करने का संकल्प लिया गया।
इस महत्वपूर्ण अभियान में वसई विधानसभा क्षेत्र की विधायक स्नेहा दुबे पंडित, नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजन नाईक, बोईसर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विलास तारे, अधिशासी अधिकारी (SRA) पराग सोमण, वसई-विरार नगर निगम आयुक्त अनिल कुमार पवार, अधिशासी अभियंता (SRA) प्रिंस पवार, वास्तु विशारद (SRA) नीलेश सावंत, सक्षम प्राधिकारी मीनल ताई पलांडे सहित नागरिक, जनप्रतिनिधि, डेवलपर, आर्किटेक्ट्स और नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


