मुंबई (सं. भा.) महानगर में प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाओं की बिक्री को लेकर नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं। लोकलसर्कल्स के 18 सितंबर 2026 को जारी सर्वेक्षण में मुंबई के 71 फीसदी उपभोक्ताओं ने बताया कि मेडिकल स्टोर कभी या बहुत कम ही बिना डॉक्टर के पर्चे दवा देने से इनकार करते हैं। घनी आबादी वाले इलाकों और झोपड़पट्टी क्षेत्रों में मेडिकल स्टोरों की निगरानी और नियमों के पालन को लेकर भी चुनौती बनी हुई है।
सर्वेक्षण में मुंबई के 3,697 लोगों से प्रिस्क्रिप्शन जांच के बारे में सवाल किया गया। इनमें 36 फीसदी ने कहा कि केमिस्ट ने कभी भी बिना पर्चे दवा देने से इनकार नहीं किया, जबकि 35 फीसदी ने बताया कि ऐसा बहुत कम हुआ। केवल 9 फीसदी लोगों ने कहा कि ज्यादातर समय और 5 फीसदी ने बताया कि हमेशा दवा देने से पहले प्रिस्क्रिप्शन मांगा गया। होम डिलीवरी में भी स्थिति ज्यादा अलग नहीं रही। 3,122 उत्तरदाताओं में 18 फीसदी ने कहा कि कभी प्रिस्क्रिप्शन नहीं मांगा गया, जबकि 40 फीसदी ने बताया कि बहुत कम मौकों पर पर्चे की जांच हुई।
दवा बिक्री में नियमों के पालन को लेकर महाराष्ट्र एफडीए ने भी कार्रवाई तेज की है। जून से अगस्त 2026 के बीच राज्य में 2,902 दवा निर्माण और बिक्री प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें 2,295 बिक्री प्रतिष्ठान थे। नियमों के उल्लंघन पर 880 लाइसेंसधारकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिसमें 740 बिक्री प्रतिष्ठान शामिल हैं। इस दौरान 677 लाइसेंस निलंबित और 203 लाइसेंस रद्द किए गए।
एफडीए की जांच में बिना प्रिस्क्रिप्शन दवा बिक्री, पंजीकृत फार्मासिस्ट की निगरानी के अभाव, अधूरे रिकॉर्ड और उचित बिल के बिना दवा बिक्री जैसी अनियमितताएं सामने आईं। कार्रवाई के दौरान 11.41 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध दवाएं और सौंदर्य प्रसाधन जब्त किए गए तथा 20 एफआईआर दर्ज की गईं। इसी बीच केंद्र सरकार ने प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य करने का प्रस्ताव रखा है, जिससे दवा बिक्री पर निगरानी और मजबूत करने की तैयारी है।


