मुंबई (सं. भा.) मालाड के मालवणी इलाके में चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। हैदराबाद से करीब 10 दिन पहले मालवणी आए एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पैसे देने से इनकार करने पर 14 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने इलाके में ही एक अन्य व्यक्ति की गर्दन पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। लगातार हुई दो वारदातों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मालवणी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवान युसूफ कुरैशी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने 14 वर्षीय बंटी खान से कुछ पैसे और एक गिलास पानी मांगा था। बंटी द्वारा पैसे देने से इनकार करने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। गर्दन पर चाकू के गहरे वार और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बंटी की मौके पर ही मौत हो गई।
गौरतलब है कि पहली वारदात के बाद भी आरोपी नहीं रुका और हाथ में चाकू लेकर आगे बढ़ता रहा। इसी दौरान उसने 45 वर्षीय चेतन पटेल को भी निशाना बनाया और उनकी गर्दन पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चेतन पटेल जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी के हाथ में चाकू देखकर इलाके में कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया था। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी आगे बढ़कर किसी अन्य व्यक्ति को भी निशाना बनाने की कोशिश में था। हालांकि, पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया।
घायल चेतन पटेल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों पीड़ितों और आरोपी के बीच किसी पुरानी रंजिश की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपी के मालवणी आने, उसके यहां रहने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने चाकू कहां से हासिल किया था। मामले में आगे की जांच जारी है।


