पालघर (सं.भा.) वसई-विरार में पानी की समस्या के बीच टैक्स बढ़ोतरी को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। भाजपा नगरसेवक एवं मनपा के विरोधी पक्ष नेता मनोज पाटील ने पानी टैक्स और गृह कर में बढ़ोतरी का विरोध करते हुए सत्ताधारियों पर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।
पाटील ने कहा कि शहर के कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त और नियमित पानी नहीं मिल रहा है, जबकि पानी की व्यवस्था के नाम पर लाखों रुपये के टैंकर बिल सामने आते हैं। ऐसे में टैक्स बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि पानी और हाउस टैक्स में की गई बढ़ोतरी तत्काल रद्द की जाए।
उन्होंने 400 एमएलडी पानी उपलब्ध होने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पर्याप्त पानी उपलब्ध है तो नागरिकों को नियमित आपूर्ति क्यों नहीं हो रही। पाटील ने कहा कि पहले नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उसके बाद ही कर बढ़ोतरी की जाए।
गौरतलब है कि टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ नागरिकों में पहले से नाराजगी है और हाल में हुए मोर्चे में भी इसका विरोध देखने को मिला। पाटील ने कहा कि भाजपा जनता के इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी और लोकतांत्रिक तरीके से नागरिकों की आवाज उठाती रहेगी।


