गोरखपुर से सीएम योगी की चेतावनी
गोरखपुर (सं. भा.): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित ‘एकता यात्रा’ से देशविरोधी मानसिकता के खिलाफ सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “भारत में अब कोई नया जिन्ना नहीं उभरने दिया जाएगा। अगर कोई देश की अखंडता और एकता को चुनौती देने की कोशिश करेगा, तो उसकी विभाजनकारी सोच को जड़ पकड़ने से पहले ही खत्म कर देना होगा।”
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि “जो लोग ‘वंदे मातरम’ का विरोध करते हैं, वे भारत की एकता और गौरव का अपमान कर रहे हैं।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे धर्म, जाति या भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों।
सीएम योगी ने कहा — “यह समय भारत को बांटने वालों को पहचानने का है। हमें उस सोच को समाप्त करना होगा जो जिन्ना जैसी मानसिकता को जन्म देती है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करे।”
गोरखपुर में हजारों लोगों की मौजूदगी में आयोजित इस एकता यात्रा के दौरान सीएम योगी ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ गान कराया और कहा कि “भारत माता की जय की आवाज़ ही इस देश की सबसे बड़ी ताकत है, और कोई ताकत इसे दबा नहीं सकती।”


