spot_img
Homeमुंबईपश्चिम रेलवे ने लगाया ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों का शतक, अब तक नौ...

पश्चिम रेलवे ने लगाया ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों का शतक, अब तक नौ राज्यों में 8971.19 टन ऑक्सीजन की आपूर्ति

मुंबई (सं. भा.) । भारतीय रेलवे कोरोना काल में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) पहुंचाने का क्रम जारी रखे हुए है। इसके तहत पश्चिम रेलवे ने सौ ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन चलाकर शतक लगाया है। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक आलोक कंसल के मार्गदर्शन में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद रेलकर्मियों द्वारा दिन-रात कार्य करके प्राथमिकता के आधार पर ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों का सफल परिचालन किया गया, जिसके चलते इस उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल किया जा सका।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर के अनुसार 100 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनें चलाकर अभी तक नौ राज्यों में लगभग 8971.19 टन ऑक्सीजन (प्राणवायु) की सप्लाई की गयी है, जिसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि ऑक्सीजन टैंकरों से लदे हुए ट्रक को बीडब्ल्यूटी वेगन में नवीन प्रयासों से रो-रो सर्विस के तहत लोड करके पहली ऑक्सीजन एक्स्प्रेस ट्रेन 25 अप्रैल को राजकोट मंडल के हापा से कलंबोली  (महाराष्ट्र) के लिए रवाना हुई थी। 26 जून को पश्चिम रेलवे की 100वीं ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन राजकोट मंडल के रिलायंस रेल टर्मिनल कानालूस से आंध्र प्रदेश में स्थित गुंटूर के लिए रवाना की गयी जिसमें आठ ऑक्सीजन टैंकरों में 137.21 टन ऑक्सीजन का परिवहन किया गया। भारतीय रेलवे ऑक्सीजन की जरुरत वाले राज्यों को यथासंभव कम से कम समय में अधिक से अधिक लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति करने के लिए प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com