मुंबई (सं. भा.)। नई सजधज के साथ मुंबई-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन ने शनिवार से एलएचबी रेक और विस्टाडोम कोच के साथ अपनी पहली यादगार यात्रा आरंभ की। इस मार्ग पर पहली बार विस्टाडोम कोच लगाया, जिससे यात्रियों ने प्राकृतिक सुंदरता और प्रकृति से नजदीकता का अनुभव का आनंद लिया। यात्रियों ने अच्छे प्रतिसाद एवं भारी उत्साह के साथ विस्टाडोम कोच की सभी 44 सीटें बुक कीं।
अपनी यात्रा को यादगार बनाते हुए यात्रियों ने सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी ली, जिसे विशेष रूप से सीएसएमटी प्लेटफॉर्म पर कोच के पास रखा गया था। इस मौके पर एक यात्री ने कोच के अंदर जैसा दिखने वाला केक भी काटा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि मुंबई-पुणे मार्ग पर स्पेशल डेक्कन एक्सप्रेस में लगे पारदर्शी व बड़ी खिड़कियों वाले विस्टाडोम कोच, सफर का आनंद कई गुना बढ़ा रहे हैं। प्राकृतिक सुंदरता वाले इस मार्ग पर सफर करने वाले यात्री अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। यात्री उमेश मिश्र जो अपनी पत्नी और बच्चे के साथ यात्रा कर रहे थे, उन्होंने रेल मंत्री पीयूष गोयल को विस्टाडोम कोच शुरू करने के लिए धन्यवाद दिया, जो केवल विदेशों में उपलब्ध था। बड़ी खिड़कियां और चारों तरफ घूमने वाली सीटों का बच्चे ने यात्रा का भरपूर आनंद लिया। एक अन्य यात्री ने कहा कि वह मुंबई और पुणे के बीच एक नियमित यात्री है और इस विस्टाडोम कोच को जोड़ने से भोर घाट में उनकी यात्रा और भी सुखद हो जाएगी। सयाली, जो पहली बार विस्टाडोम में यात्रा कर रही थीं, ने कहा कि उन्होंने बड़ी खिड़की के शीशों से दृश्यों का आनंद लिया और मानसून के दौरान हरियाली ने इस आनंद को दोगुना कर दिया है।


