प्रशासन की टूटी नींद ,
भूमाफियाओं में मचा हड़कंप अब शिकंजा कसने के सता रहा है डर
मुंबई (सं. भा.): मुंबई में भूमाफियाओं का एक अलग साम्राज्य व्याप्त है। भूमाफियाओं इस साम्राज्य को बढ़ाने में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के स्थानीय नेता, गली छाप गुंडों के अलावा लोकल पुलिस स्टेशन, बीएमसी के प्रभाग स्तर के अधिकारी, जिसमें बिल्डिंग व फैक्ट्री विभाग के अधिकारियों की अप्रत्यक्ष परंतु सक्रिय भूमिका रहती है।
बीएमसी में किसी प्रभाग को सबसे मलाईदार माना जाता है वह है पी / उत्तर विभाग।
अविभाजित पी / उत्तर विभाग मालाड पूर्व में दिंडोशी, कुरार, पठानवाडी से लेकर मालाड पश्चिम के मालवणी, राठौड़ी, मार्वे, आक्सा बीच, मड आइलैंड से लेकर मनोरी तक लगभग 45 किलोमीटर में फैला है। यहां की खासियत यह रही है कि यहां बड़े पैमाने पर खुला सरकारी जमीन रहा है, जिनमें से वर्तमान में अधिकांश सरकारी जमीन भूमाफियाओं द्वारा कब्जा कर वहां बड़ी बड़ी झोपडपट्टियाँ बसा दी गईं हैं। इन झोपड़पट्टियों के निर्मूलन की जगह वोट बैंक को धयान में रख कर समय समय पर राज्य सरकारें न सिर्फ उसे अभयदान देती रही हैं बल्कि उसे मान्यता भी देती रही हैं। सबसे बड़ी और चौकाने वाली बात यह है कि इन भूमाफियाओं के खिलाफ शिकायत मिलने पर स्तानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत तो दर्ज किया जाता है ,परंतु मां लक्ष्मी की कृपा से पुलिस ठोस कार्रवाई करने से बचती और इन्हें बचाती रही है। यही कारण है कि यह लोग बेखौफ हो एक के बाद दूसरा फिर तीसरा झोपड़पट्टी बसाने के अवैध काम में सक्रिय रहते हैं।
मानसून सत्र में विधायक ने उठाई आवाज
आम जनता भूमाफियाओं द्वारा ठगी का शिकार बनाए जाने के बाद न्याय के लिए दर दर भटकने को मजबूर होती है। बीएमसी से लेकर कलेक्टर के कार्यालयों तक चप्पल घिसने के बाद भी न्याय न मिलने पर अनेकों लोग स्थानीय विधायक असलम शेख के पास भी इन भूमाफियाओं की कारस्तानियों और शिकायतों का पुलिंदा लेकर न्याय की आस में पहुंचते रहते हैं। इसी के मद्देनजर गत मानसून सत्र के दौरान स्थानीय विधायक असलम शेख ने इस मुद्दे को विधान भवन में जोरदार ढंग से उठाया। शेख ने कहा कि
मालवणी क्षेत्र में कलेक्टर और आदिवासी जमीन को भूमाफिया खुलेआम बेच रहे हैं। इन पर केवल एफआईआर दर्ज करना काफी नहीं है, बल्कि एमपीडीए के तहत कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ये लोग दोबारा जनता को ठग न सकें।

प्रशासन की खुली नींद
कार्रवाई के डर से मचा हड़कंप
विधायक असलम शेख द्वारा विधान भवन में भूमाफियाओं की पोल खोल करने के बाद, प्रशासनिक स्तर पर हड़कंप मचा है। स्थानीय पुलिस स्टेशन से लेकर बीएमसी और कलेक्टर कार्यालय के अधिकारियों के ‘हाथ -पांव’ फुले नजर आ रहे हैं। अपने आकाओं की हालत को देखने के बाद अब भूमाफियाओं को पसीने छूट रहे हैं। उन्हें अब कानूनी कार्रवाई का डर सताने लगा है। ऐसे ही लोगों में शामिल है भूमाफिया देव प्रसाद वर्मा। मालाड पश्चिम के एरंगल गांव के डोंगर पाडा इलाके में भू-माफिया देव प्रसाद वर्मा द्वारा आदिवासियों की जमीन बेचने का मामला अब तूल पकड़ चुका है। फर्जी कागजात बनाकर वर्मा ने निरीह लोगों को आदिवासियों की जमीन बेची, लेकिन अब खरीदारों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पंचनामा शुरू कर दिया है और प्रशासन अब सख्त कार्यवाही की तैयारी कर रहा है।
वहीं सूत्रों के अनुसार, जिस जमीन की खरीद-फरोख्त हुई है, उसका सर्वे नंबर 143, 28, 140 (हिस्सा नंबर 2) और सीटीएस नंबर 94, 96 व 97 है। यह जमीन आदिवासियों की थी, जिसे वर्मा ने फर्जी सेल एग्रीमेंट कर हड़प लिया था। अब प्रशासन की कार्यवाही से इस जमीन को खरीदने वाले आम नागरिक भी संकट में फंस गए हैं और उनके बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है।

रिवर्तन फाउंडेशन की मांग
इस पूरे प्रकरण में परिवर्तन फाउंडेशन ने भी मोर्चा खोल दिया है। फाउंडेशन ने मांग की है कि देव प्रसाद वर्मा जैसे भूमाफियाओं पर सिर्फ एमपीडीए ही नहीं, बल्कि मकोका के तहत भी कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि इस भूमाफिया के पूरे नेटवर्क पर लगाम लगाई जा सके।
स्थानीय लोगों का आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमाफियाओं को वर्षों से राजनीतिक संरक्षण मिला, जिसके चलते उनकी हिम्मत बढ़ती गई। लेकिन अब जब मामला विधान भवन से लेकर प्रशासन तक गूंज चुका है, तो उम्मीद है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी और भविष्य में इस तरह का जमीन घोटाला रुक सकेगा।


