मुंबई (सं.भा.)महानगर में चोरी की वारदातों के बीच कांदिवली के पोइसर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चोरी के इरादे से घर में घुसे तीन युवकों को जब कोई कीमती सामान हाथ नहीं लगा, तो वे घर में रखे दो गैस सिलिंडर ही चोरी कर फरार हो गए। हालांकि उनकी यह करतूत घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला कांदिवली के पोइसर स्थित काजूपाड़ा इलाके का है। पुलिस के अनुसार, रेशमा भुवाद घरेलू सहायिका हैं, जबकि उनके पति रामचंद्र भुवाद सुपरवाइजर के रूप में काम करते हैं। 25 अगस्त को रेशमा किसी काम से घर से बाहर गई थीं। जल्दबाजी में उनसे घर का दरवाजा बंद करना छूट गया। इसी दौरान उनके पति भी घर पर मौजूद नहीं थे।
पुलिस के मुताबिक, इसी मौके का फायदा उठाकर तीन युवक घर में दाखिल हुए। आरोपियों ने घर के अंदर कीमती सामान तलाशा, लेकिन जब उन्हें कुछ खास हाथ नहीं लगा तो उन्होंने घर में रखे दो गैस सिलिंडर उठा लिए और मौके से फरार हो गए।
घर में चोरी का पता चलने के बाद पीड़ित परिवार ने समता नगर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने सुमित सिंह, चंदन और शिवम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चोरी किए गए दोनों सिलिंडर एक चाय वाले को कम कीमत में बेच दिए थे। समता नगर पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जयवंत शिंदे के अनुसार पुलिस अब चाय वाले से भी पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले भी इलाके में चोरी की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
तथा आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।


