नालासोपारा (सं.भा.)लगातार बारिश के बाद लबालब भरे तालाब एक बार फिर जानलेवा साबित हुए हैं। नालासोपारा (पूर्व) के गाला नगर-नारायण नगर स्थित नगेला तालाब में मछली पकड़ने गए 18 वर्षीय सोहेल शेख की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, गाला नगर निवासी 18 वर्षीय सोहेल शेख रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ नगेला तालाब में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की टीम, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। गोताखोरों की मदद से कई घंटे तक तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद सोहेल का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि तालाब के आसपास सुरक्षा दीवार, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। उनका कहना है कि कई बार मांग किए जाने के बावजूद प्रशासन ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


