spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईफोन कॉल पर चलता था एमडी का धंधा, शातिर सप्लायर गिरफ्तार

फोन कॉल पर चलता था एमडी का धंधा, शातिर सप्लायर गिरफ्तार

मुंबई (सं.भा.) मुंबई में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कस्तूरबा मार्ग पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फोन पर ऑर्डर लेकर हर बार अलग-अलग लोगों के माध्यम से ड्रग्स की सप्लाई करता था, जिससे वह पुलिस की पकड़ से बचता रहा। इस बार खुद माल की डिलीवरी करने पहुंचा तो पुलिस ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 1.05 लाख रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिरेन पांगजीभाई कावा उर्फ कव्वा (33), निवासी राजेंद्र नगर, बोरीवली (पूर्व) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और चेन स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी दत्तापाड़ा रोड स्थित मेघमहल निर्माण स्थल के बाहर एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने आने वाला है। सूचना के आधार पर कस्तूरबा मार्ग पुलिस की एंटी क्राइम टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ग्राहक को माल देकर भागने की कोशिश करने लगा, पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

आरोपी के खिलाफ कस्तूरबा मार्ग पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(सी) और 22 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह ड्रग्स कहां से लाता था और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने, सहायक पुलिस आयुक्त दहिसर, जयराज रणवरे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालासाहेब बनकर और पुलिस निरीक्षक चव्हाण के मार्गदर्शन में एपीआई युवराज इनामदार तथा एंटी क्राइम टीम ने की। मामले की आगे की जांच एपीआई युवराज इनामदार और उनकी टीम कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com