सुलतानपुर (सं. भा.) : महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर रविवार को जिले में भी हड़ताल शुरू हो गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तिकोनिया पार्क में धरना शुरू कर दिया है और मांगों के पूरा न होने तक कामबंद-कलमबंद हड़ताल का सभी साथियों से आह्वान किया है।
जिलाध्यक्ष नीलम श्रीवास्तव व महामंत्री कंचन सिंह की अगुआई में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुबह दस बजे तिकोनिया पार्क में इकट्ठा हुए। जिसमें जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार हमारे मानदेय में बढ़ोतरी करे। कर्मचारी संगठन को ट्रेड यूनियन की मान्यता दे और इलाज, चिकित्सा अवकाश में भी धनराशि मुहैया कराई जाए। संगठन ने 13 सूत्रीय मांगपत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रेषित किया है। इस अवसर पर रीता मिश्रा, कनकलता त्रिपाठी, अनामिका सिंह, मुमताज जहां, गीता सिंह, पुष्पा पांडेय आदि मौजूद रहे।


