spot_img
Homeउत्तर प्रदेशइंजीनियर ने पत्नी और तीन बच्चों का किया कत्ल

इंजीनियर ने पत्नी और तीन बच्चों का किया कत्ल

गाजियाबाद (सं. भा.) : इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के ज्ञान खंड-चार में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने शनिवार रात पत्नी और तीन मासूम बच्चों का गला रेतकर कत्ल कर दिया। चारों शवों को फ्लैट में बंद कर फरार हो गया। रविवार शाम करीब छह बजे उसने परिजनों के वाट्सएप समूह पर अपना वीडियो अपलोड कर घटना की सूचना दी और खुद आत्महत्या करने की बात की। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मूल रूप से टाटा नगर जमशेदपुर के रहने वाले सुमित बंगलुरू स्थित एक लैपटॉप कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह पत्नी अंशु बाला (30), बेटे प्रथमेश (7), आरव (4) व बेटी आकृति (4) (आरव व आकृति जुड़वा भाई-बहन) के साथ करीब दो साल से ज्ञान खंड-चार में किराये के फ्लैट में रहते थे। पुलिस ने बताया कि कैंसर की बीमारी के कारण जनवरी में सुमित ने नौकरी छोड़ दी थी। अंशु बाला मदर प्राइड स्कूल में शिक्षिका थीं। पुलिस के मुताबिक रविवार शाम करीब छह बजे सुमित ने अपने परिजनों के वाट्सएप समूह पर अपना वीडियो अपलोड किया। उसमें बताया कि उसने पत्नी व बच्चों का कत्ल कर दिया है और अब खुद आत्महत्या करने जा रहा है। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। फ्लैट में चारों के शव खून से लथपथ पड़े थे। सभी का गला धारदार हथियार से रेता गया था। शरीर पर भी गहरे घाव के निशान थे। पुलिस व फोरेंसिक टीम घटना की गहनता से जांच कर रही है।

सोसायटी के सुरक्षा कर्मी ने बताया कि शनिवार रात करीब तीन बजे सुमित बैग लेकर बाहर गया। इससे पुलिस मान रही है कि सुमित ने शनिवार रात में ही पत्नी व बच्चों का कत्ल किया और फ्लैट में ताला बंद कर फरार हो गया। पुलिस सुमित को तलाश रही है। उसके मोबाइल की लोकेशन की मदद ले रही है। एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com