नालासोपारा (सं. भा.)। अलकापुरी इलाके में एक युवक (३४) से अपनी इज्जत बचाने के लिए एक १२ वर्षीय लड़की ने बिल्डिंग की छत से छलांग लगा दी। गम्भीर रुप से जख्मी लड़की को स्थानीय लोगों ने पास के अस्पताल में पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मुंबई के नायर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। तुलिंज के अलकापुरी की कीर्तिर् आचार्य मंगलवार दोपहर १२ बजे के आसपास आर के कालेज नामक इमारत में इमिटेशन जूलरी बनाने का माल लेने गयी थी। उसी दौरान वह इमारत की छत पर गई और चिल्लाने लगी कि मै कूदने जा रही हूं। इमारत के नीचे ऑटो गैरेज में काम करने वाले लोगों ने उसकी आवाज सुनी तो उसे कूदने से मना करने लगे, लेकिन वह नहीं मानी और इमारत से कूद गई। नीचे खड़े गैरेज वालों ने वहां पड़े ऑटो रिक्शे के हुड के पर्दा से उसे सीधे नीचे गिरने से बचा लिया। हालांकि ऊंचाई से गिरने की वजह से हुड का पर्दा फट जाने से वह जमीन पर गिर गयी। फिलहाल उसे नायर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


