विरार (सं. भा.) : सागरी पुलिस स्टेशन अर्नाला में पति की हत्या कर शव को ऐक्टिवा पर लादकर ठिकाने लगाने का मामला प्रकाश में आया है. पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान एक्टिवा से शव ले जाते रंगे हाथों दो लोगों को पकड़ा. पुलिस ने इस मामले में एक महिला और दो पुरुष आरोपी के खिलाफ़ धारा 302, 201,34 के तहत मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है. जांच पुलिस उपविभागीय अधिकारी जयंत बजबले कर रहे हैं. विरार (प.), गीता अपार्टमेन्ट, एमबी इस्टेट की अश्विनी योगेश राऊत (29) अपने पति और बच्चों के साथ रहती है.
27 जुलाई की रात बालासाहेब पाटील पुलिस टीम के साथ पेट्रोलिंग कर रहे थे, उसी दौरान एक एक्टिवा पर सवार दो युवक एक बोरा लेकर कहीं जा रहे थे. पुलिस वेन को देखकर गाड़ी तेज भगाने लगे और कुछ दूरी पर एक खुले मैदान में बोरा छोड़कर भाग निकले, लेकिन पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया. पुलिस ने बोरा खोलकर देखा गया तो हैरान रह गये. बोरे के अंदर ओढ़नी व चादर से हाथ-पैर बंधे एक 30 वर्षीय व्यक्ति का शव था. पूछताछ में तीनों द्वारा हत्या किए जाने की बात सामने आई. पुलिस के अनुसार मृतक योगेश राऊत (30) की हत्या उसकी पत्नी ने गला घोंटकर कर दी थी.


