बिंदकी (फतेहपुर) (सं. भा.) : कोतवाली के फरीदपुर गांव में एक गर्भवती युवती को शनिवार को ससुरालीजनों ने दहेज के लिए मारपीट कर जिंदा जलाने का प्रयास किया। हालांकि उस बीच ससुरालीजनों से जान छुड़ाकर वह घर से बाहर निकल गई। ऐसा आरोप पीड़िता व उसके पिता ने कोतवाली में जाकर लगाया, जिस पर इलाकाई पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चांदुपर थाने के इच्छापुर गांव निवासी चंद्रकिशोर ने पुत्री रश्मी की शादी 2013 में बिंदकी कोतवाली के फरीदपुर गांव निवासी सतीश के पुत्र विमलेश के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराली जन दहेज के लिए मारपीट करने लगे थे। महिला के पिता चंद्रकिशोर ने कोतवाली में तहरीर दी कि शनिवार को मेरी गर्भवती पुत्री रश्मी को मारपीट कर केरोसिन डालकर जलाने का प्रयास किया। किसी तरह बेटी अपनी जान बचाकर गांव के बाहर छुपकर घटना की सूचना मोबाइल के जरिए उसे दी। सूचना मिलते ही पिता अपने साथ परिजनों को लेकर बेटी के घर पहुंचे लेकिन घर में बेटी के न मिलने पर आसपास तलाश करने के बाद पुत्री गंभीर हालत में गांव के बाहर मिली। जिसको लेकर परिजन कोतवाली पहुंचे। कोतवाली प्रभारी अनंत प्रसाद तिवारी का कहना था कि दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है।


