बांदा (सं. भा.) : पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की भव्य शुरुआत कराई गई। जनपद के 1018 बूथों में पहले दिन के अभियान में नन्हे बच्चों को दवा पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है बूथ दिवस के बाद पांच दिवसीय डोर टू डोर अभियान भी चलाया जाना है। जिससे शत प्रतिशत अभियान सफल हो सके।
रविवार को पल्स पोलिया प्रतिरक्षण अभियान के तहत जिला अस्पताल के पीपीसी सेंटर में जिला अधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि ने जाकर नवजात शिशुओं को दो बूंद पोलियो दवा पिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत कराई। इसके बाद जनपद के सभी बूथों में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने 0 से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया। सीएमओ डा. संतोष कुमार ने बताया कि जनपद के सभी ब्लाकों में अभियान के सघन निरीक्षण के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को लगाया गया है। जिससे कार्यक्रम की गुणवत्ता बनी रहने के साथ बच्चे दवा पीने से वंचित न रहें। बूथ दिवस के दूसरे दिन सोमवार से डोर टू डोर दवा पिलाई जाएगी। इसमें दो लाख 95 हजार 2 सौ 80 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


