भायंदर (सं. भा.) : सस्ती कीमत में सोने के बिस्किट देने का झांसा दे 10 लाख नगदी लूटकर फरार हुए आरोपी कल्याण से गिरफ्तार कर लिए गए हैं. उनके पास से 7,80,000 नगदी बरामद कर ली गई है. मुख्य आरोपी का नाम राजेश अरविंद चौधरी (48) है. पीड़ित का नाम अंजय्या राजाराम कुंठा है. वह पुणे के शिरूर तहसील अंतर्गत सनसवाड़ी की शिंदे चाल का निवासी है. नवघर थाने के पुलिस उपनिरीक्षक विजय टक्के ने बताया कि आरोपी, पीड़ित को सस्ते दाम पर सोने के गहने देने का लालच दिए. अंजय्या 5 बिस्किट लेने को तैयार हो गया.
बिस्किट लेने के लिए उसे 17 जुलाई को भायंदर-काशीमीरा रोड पर शाही होटल के पास बुलाया. आरोपी बातचीत में अंजय्या को उलझा लिए और कार के बोनट पर रखा 10 लाख रुपए से भरा उसका बैग लेकर चंपत हो गए. पीएसआई टक्के ने कहा कि आरोपी और पीड़ित पहले से एक-दूसरे को जानते थे. आरोपियों के पास से पीड़ित के एक रिश्तेदार ने 20 फीसदी कम कीमत पर कुछ सोना खरीदा था. अंजय्या को जमीन के एवज में सरकार से मोटी रकम मुआवजा के रूप में मिली थी. निवेश करने के मकसद से वह आरोपियों से सस्ते में सोना खरीदने को तैयार हो गया. पीएसआई टक्के ने कहा कि आरोपी और भी लोगों को इस तरीके से लुटा होगा.