चित्रकूट (सं. भा.) : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा सोमवार को पहली बार धर्म नगरी चित्रकूट आएंगी। वह बांदा-चित्रकूट लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बाल कुमार पटेल के समर्थन में जन सभा को संबोधित करेंगी। उनका कामतानाथ स्वामी दर्शन का कार्यक्रम रद कर दिया गया है। उधर, सुरक्षा को लेकर एसपीजी ने चित्रकूट में डेरा डाल दिया है।
रविवार को एसपीजी अफसरों ने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। जिले के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन स्थित सभागार में बैठक भी की। एसपीजी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने खोह में पुलिस लाइन और कार्यक्रम स्थल का सुबह निरीक्षण किया। उनके साथ उप जिलाधिकारी सदर इंदु प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक सदर रजनीश कुमार यादव भी रहे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा को लेकर कार्यक्रम स्थल तक सड़क में रंगीन व सफेद पर्दे लगाए जाएंगे। कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने बताया कि प्रियंका अब कामतानाथ स्वामी के दर्शन करने नहीं जाएंगी। वह सीधे जन सभा स्थल पर पहुंचेंगी। उन्होंने बताया कि प्रियंका प्रयागराज में विशेष विमान से उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचेंगी। पूर्वाह्न 11 बजे कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है।
भीड़ के मद्देनजर सतर्कता, एक घंटा रहेंगी
एसपीजी प्रभारी ने बताया कि प्रियंका वाड्रा पहली बार चित्रकूट आ रही हैं। उनको सुनने के लिए भीड़ की संख्या अधिक हो सकती है इसलिए सुरक्षा में ज्यादा संख्या में फोर्स की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि सेफ हाउस भी अलग से बनाया गया है। प्रियंका वाड्रा चित्रकूट में करीब एक घंटा रहेंगी।


