हथगाम (फतेहपुर) (सं. भा.) : मंगरेमऊ गांव में सालाना उर्स में अपने लिए वोट मांगना कांग्रेस प्रत्याशी राकेश सचान को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मंच से उनकी भाषणबाजी रोककर माइक छीन लिया। माहौल ऐसा बना कि एक घंटे तक पुलिस और प्रत्याशी के समर्थकों के बीच नोकझोंक होती रही। पुलिस ने सचान को नोटिस देने के साथ एडीएम को रिपोर्ट भेजी है।
उर्स के कव्वाली कार्यक्रम में देर रात राकेश सचान पहुंच गए। कार्यकर्ता ने उनका परिचय कराते हुए माइक थमा दिया। उन्होंने सियासी बातें शुरू की तो दारोगा ने माइक छीनते हुए कांग्रेस प्रत्याशी को संबोधन से रोक दिया। माहौल शांत होने पर कव्वाली के दौरान सचान के नाम से इनाम की घोषणा करने पर पुलिस ने फिर हस्तक्षेप किया। प्रभारी निरीक्षक अवधेश मिश्र ने बताया कि वीडियो रिकार्डिग उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। कांग्रेस प्रत्याशी को नोटिस दिया गया है।
साक्ष्य देखकर करेंगे मुकदमा, जुड़ेगा चुनाव खर्च
अगर प्रत्याशी के पास अनुमति नहीं है तो उनका भाषण आचार संहिता के विरुद्ध है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा लिखाएंगे और जो धनराशि प्रत्याशी ने उर्स में खर्च की है, उनके चुनाव खर्च में जोड़ी जाएगी।


