सुलतानपुर (सं. भा.) : सरकार प्रदेश में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था को सुधारने की जहां पुरजोर कोशिश कर रही, वहीं हुक्मरानों को ग्रमीणों की पीड़ा से मतलब नहीं। जलनिगम द्वारा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए गांव में लगाए गए इंडिया मार्का हैंडपंप लोगों की प्यास बुझाने के बजाए अरसे से खराब पड़े हैं। ब्लॉक से लेकर जिले तक तमाम शिकायतों के बावजूद प्रशासन इन नलों की मरम्मत नहीं करा रहा है।
गर्मी में ग्रामीण पीने के पानी को परेशान हैं वहीं सालों से दूषित कुएं के पानी पीने को मजबूर हैं। विकास खंड धनपतगंज के सेवरा गांव में रवि के घर के सामने लगे इंडिया मार्का हैंडपंप से 15 घरों के लोग पानी पीते थे। यह हैंडपंप करीब तीन साल से खराब पड़ा है। वहीं केशवराम विश्वकर्मा के घर के सामने भी हैंडपंप दो साल से खराब पड़ा है। गांव वालों का कहना है कि उन्होंने इस बावत कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन हैंडपंपों को ठीक नहीं कराया गया। सरकार की सख्त चेतावनी के बाद भी अधिकारियों की कुंभकर्णी नींद नहीं टूट रही।


