जौनपुर (सं. भा.) : बदलापुर और मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस तथा क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान रविवार की सुबह तीन शातिर लुटेरों को धर दबोचा। इनके पास से लूटी गई बाइक, आभूषण, दो तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि इनसे पूछताछ में लूट की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है।
एसपी केके चौधरी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सीओ बदलापुर सौम्या पांडेय के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की सर्विलांस टीम की सूचना पर पुलिस ने क¨लजरा पुलिया के पास घेराबंदी कर बाइक सवार दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर एक अन्य को दबिश देकर पकड़ा। आरोपियों में सूरज सिंह निवासी गांव पूरा लाल, पंडित उर्फ कृष्णदेव सिंह निवासी गांव महुली थाना बदलापुर और दीपक सिंह निवासी गांव पराहित थाना मछलीशहर हैं। इनके पास से लूट की बाइक, आभूषण, दो मोबाइल फोन, 2300 रुपये और दो तमंचे तथा कारतूस बरामद हुए। पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में एएसपी (सिटी) डा. एके पांडेय ने बताया कि आरोपियों ने 17 मार्च को बरसठी क्षेत्र, 18 मार्च को बदलापुर थाना क्षेत्र के सराय त्रिलोकी और पूरालाल में सराफा व्यापारियों से लूट, गत वर्ष 11 दिसंबर को पूरालाल बाजार में रंगदारी न देने पर व्यापारी पर जानलेवा हमला करना स्वीकार किया। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बदलापुर इंस्पेक्टर सुनील दत्त राय, थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर अनिल सिंह, क्राइम ब्रांच स्वाट टीम प्रभारी विश्वनाथ यादव, सर्विलांस प्रभारी शशिचंद्र चौधरी, सहयोगी पुलिस जवान रहे।


