कानपुर देहात (सं. भा.) : रविवार को रेलवे के प्रतिबंधित माइक्रोवेव परिसर में घुसे युवक को संचार केबिल काटने के दौरान आरपीएफ ने दबोच लिया। उसके कब्जे से लोहे की आरी मिली है। ये तो अच्छा रहा कि केबिल नहीं कटी वरना संचार प्रणाली ध्वस्त होने से रेलवे अफसरों की परेशानी बढ़ जाती।
रेलवे की संचार प्रणाली अलग है। स्टेशन व कंट्रोल हाट लाइन से आपस में जुड़े हैं। संचार व्यवस्था के लिए रूरा स्टेशन के नजदीक उत्तर मध्य रेलवे का माइक्रोवेव एक्सचेंज है। रविवार दोपहर प्रतिबंधित माइक्रोवेव स्टेशन परिसर में एक युवक चोरी छिपे घुस गया। वह संचार केबिल काटने की कोशिश कर रहा था इसी दौरान जेई सोमदत्त की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल आरपीएफ को दी। इस पर मौके पर पहुंचे युवक को आरपीएफ जवानों ने पकड़ना चाहा तो वह भाग खड़ा हुआ तो आरपीएफ जवानों से उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। उसके कब्जे से केबिल काटने में प्रयुक्त लोहे की आरी बरामद हुई। आरपीएफ चौकी प्रभारी एके सिंह ने बताया कि कॉपर केबिल काटने के दौरान जेई ने उसे देखा और सूचना दी। इस पर युवक को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने नाम लाखन उर्फ लखनियां निवासी मंगलपुर कंजड़ डेरा बताया है। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश व केबिल काट कर संचार व्यवस्था ध्वस्त करने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
रूरा : रेलवे के माइक्रोवेव स्टेशन परिसर में आरी के साथ पकड़ा गया युवक शातिर है। 19 जनवरी को चोरी छिपे माइक्रोवेव परिसर में घुसकर उसने कॉपर केबिल काट दी थी। इससे इलाहाबाद से लेकर इटावा कंट्रोल तक संचार सेवा धड़ाम हो गई थी। इससे रेलवे अफसरों में हडकंप मच गया था। सूत्रों की मानें तो माइक्रोवेव स्टेशन में तैनात कर्मियों को अफसरों की कड़ी फटकार मिली थी। परिसर के अंदर कटी केबिल देखकर आनन फानन में मरम्मत कराकर संचार सेवा बहाल की गई थी। आरपीएफ चौकी इंचार्ज एके सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक ने संचार प्रणाली ध्वस्त करने की मंशा से इन्कार किया है। पूछताछ में उससे कॉपर केबिल चोरी के इरादे से काटने की बात स्वीकार की है।


