फतेहपुर (सं. भा.) : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह रविवार को आइटीआइ मैदान में संपन्न हुआ। 95 जोड़ों ने हिंदू -रीति रिवाज तो एक जोड़े ने मुस्लिम धर्म के अनुसार शादी के अटूट बंधन में बंध गए। वैदिक विधि विधान के साथ संपन्न हुए शादी समारोह में करीब चार घंटे आचार्यों ने मंत्रोच्चारण कर वैवाहिक कार्यक्रम पूरे किए। शादी समारोह में शामिल होने आए जिले के प्रभारी मंत्री सत्यदेव पचौरी व केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि हर गरीब कन्या के हाथ पीले हो इसका जिम्मा सरकार ने ले लिया है। सरकार बेटियों जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, विवाह व रोजगार तक के लिए फिक्रमंद है। इस दिशा में और प्रयास कर बेहतर कार्य किए जाएंगे।
शहर के आइटीआइ मैदान में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया था। भगवा पांडाल में विवाह की तैयारियां सुबह पांच बजे से प्रारंभ हो गयी थी। पांच-पांच जोड़ों के लिए विवाह वेदिका व मंडप तैयार किया गया। विवाह में प्रयोग होने वाली छोटी से बड़ी सामग्री तक का इंतजाम किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने आए अतिथियों संग कारागार राज्यमंत्री जय कुमार जैकी, विधायक कृष्णा पासवान, विक्रम सिंह, करन पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह व भाजपा जिला अध्यक्ष दिनेश बाजपेयी ने विवाह के लिए बनाई गयी अलग-अलग 22 विवाह वेदियों तक जाकर वर-वधू को आशीष दिया। हलांकि विवाह में पैपुजी, कोछ, बिछिया दबवाई, कलेवा, कन्यादान, विदाई जैसे कार्यों को पूरा करने वर-वधू के परिवारी जनों को ही मौका दिया गया। विवाह में गाजे-बाजे का भी इंतजाम रहा, पीएसी बैंड की धुन पर विवाह के गीत बजे। समारोह में जयंती वर्मा, प्रमोद द्विवेदी, अर्चना त्रिपाठी, नीलिमा सिंह चौहान, प्रेमा सिंह राठौर, राम प्रताप सिंह गौतम, अपर्णा सिंह, धनंजय द्विवेदी, कुलदीप भदौरिया समाज सेवी भावना श्रीवास्तव, कविता रस्तोगी, किशन मेहरोत्रा व डीएम कुमार प्रशांत, सीडीओ एसपी आनंद, एसडीएम अवनीश राय, सत्य प्रकाश सिंह, हरिहर राम, एएसपी विनोद सिंह, सीओ सिटी केडी मिश्रा आदि मौजूद रहे।
– सामूहिक विवाह में जोड़ों की संख्या पूरी करने में अधिकारियों के पसीना छूटता रहा। यह था कि 107 जोड़ों की शादी हो रही है। मौके पर आने के बाद 11 जोड़े लौट गए जिससे संख्या सिमट कर 96 रह गए। सामूहिक आयोजन में विवाह करने से इंकार कर दिया और घर वापस चले गए। इन्होंने कहा कि यह अपने घर में अपने ढंग से शादी करेंगे।


